बिहार में मोंथा चक्रवात के प्रभाव से 30 और 31 अक्टूबर को तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने कई जिलों में अलर्ट जारी किया है और तापमान में गिरावट की चेतावनी दी है।
पटना: बिहार में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान मोंथा का असर अब उत्तर भारत की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि 30 और 31 अक्टूबर को राज्य के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी और कई जिलों में येलो व ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया गया है।
बंगाल की खाड़ी से उठा मोंथा तूफान
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, मोंथा तूफान सोमवार सुबह बंगाल की खाड़ी में एक गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में विकसित हुआ। आज देर शाम या रात के समय यह आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों — मछलीपट्टनम और कलिंगपट्टनम के बीच भूमि से टकरा सकता है।
टकराने के बाद यह तूफान धीरे-धीरे कमजोर होकर छत्तीसगढ़ और ओडिशा के रास्ते झारखंड होते हुए बिहार की ओर बढ़ेगा। 30 अक्टूबर तक यह एक निम्न दबाव क्षेत्र के रूप में राज्य के नजदीक पहुंचेगा, जिससे बारिश और ठंडी हवाओं का असर बढ़ जाएगा।
30-31 अक्टूबर को भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विशेषज्ञों ने बताया कि बिहार में 30 और 31 अक्टूबर को उत्तर और दक्षिण के कई जिलों में भारी से अति भारी वर्षा हो सकती है। इसके साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।
इस दौरान राज्य के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। 29 अक्टूबर तक मौसम सामान्य रहेगा, लेकिन इसके बाद ठंडक का असर महसूस होने लगेगा। किसानों और आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
इन जिलों में मोंथा तूफान का सबसे ज्यादा असर
29 अक्टूबर को गया, नवादा, शेखपुरा, रोहतास और भभुआ जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं 30 अक्टूबर को सुपौल, अररिया, किशनगंज, बांका, जमुई और शेखपुरा में अति भारी वर्षा हो सकती है।
31 अक्टूबर को पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, दरभंगा और अररिया में सबसे अधिक बारिश का अनुमान है। वहीं पटना, भोजपुर, नालंदा, बक्सर और कैमूर में भी मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है।
आज कैसा रहेगा मौसम
मंगलवार की सुबह पटना समेत आसपास के इलाकों में हल्का कुहासा और ठंडी हवाएं महसूस की गईं। दिन में आंशिक बादल छाए रहेंगे और हल्की धूप निकलने की संभावना है।
मौसम विभाग ने बताया कि आज बारिश की संभावना नहीं है। दिन का तापमान 29°C से 32°C और रात का तापमान 20°C से 23°C के बीच रहेगा। अगले दो दिनों में मौसम का रुख पूरी तरह बदल सकता है, इसलिए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।











