बिहार की सियासत में हलचल मची है। तेज प्रताप यादव ने दीपक प्रकाश को बिना चुनाव लड़े मंत्री बनाए जाने पर पीएम मोदी और सीएम नीतीश पर तंज कसा। मामला राजनीतिक और सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है।
Patna: बिहार की सियासत में एक बार फिर हलचल मची है। नीतीश कुमार ने अपने मंत्रिमंडल में उपेंद्र कुशवाहा के बेटे दीपक प्रकाश को बिना चुनाव लड़े मंत्री बनाया, जिस पर विपक्ष और राजनीतिक हलकों में विवाद शुरू हो गया है। जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने इस मामले को लेकर सोशल मीडिया पर पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम नीतीश कुमार पर तंज कसा है और दीपक प्रकाश को ‘जादूगर’ बताया है।
तेज प्रताप यादव का सोशल मीडिया पोस्ट
तेज प्रताप यादव ने अपने एक्स (X) हैंडल पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि सासाराम में जमानत जब्त कराने वाले निर्दलीय प्रत्याशी रामनारायण पासवान के काउंटिंग एजेंट बने दीपक प्रकाश बिना चुनाव लड़े नीतीश सरकार में मंत्री बन गए। उन्होंने पोस्ट में सवाल उठाया कि “है ना मोदी-नीतीश का जादू?”। इस ट्वीट पर यूजर्स के कमेंट्स भी तेजी से आ रहे हैं। तेज प्रताप ने इसी संदर्भ में एक फोटो भी साझा की है जिसमें दीपक प्रकाश को काउंटिंग एजेंट के रूप में दिखाया गया है।

बिना चुनाव मंत्री बनने पर सियासत गरम
आमतौर पर किसी व्यक्ति को मंत्री बनने के लिए विधानसभा चुनाव जीतना या एमएलसी होना जरूरी होता है। लेकिन दीपक प्रकाश न तो चुनाव लड़े और न ही एमएलसी हैं। इसके बावजूद उन्हें 20 नवम्बर को शपथ ग्रहण से ठीक पहले मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। इस फैसले से राजनीतिक हलचल बढ़ गई और विपक्ष ने इसे परिवारवाद और अवसरवाद के रूप में पेश किया।
नीतीश कैबिनेट में राष्ट्रीय लोक मोर्चा को एक सीट मिली थी। इस सीट के लिए उपेंद्र कुशवाहा ने अपने बेटे दीपक प्रकाश का नाम भेजा। उनके पास उनकी पत्नी स्नेहलता समेत चार विधायक थे, लेकिन मंत्री पद बेटे को दे दिया गया। इस कदम से उपेंद्र कुशवाहा विरोधियों के निशाने पर आ गए और उन पर परिवारवाद का आरोप लगने लगा।
काउंटिंग एजेंट बनने का मामला बढ़ा विवाद
मामला और बढ़ा जब यह सामने आया कि दीपक प्रकाश ने अपनी मां स्नेहलता के खिलाफ निर्दलीय प्रत्याशी रामनारायण पासवान के लिए सासाराम में काउंटिंग एजेंट की भूमिका निभाई थी। उनका एजेंट परिचय पत्र भी वायरल हो गया। इसके बाद यह साफ हो गया कि बिना चुनाव लड़कर मंत्री बनने का मामला विवादास्पद है। तेज प्रताप यादव ने इसी तस्वीर को आधार बनाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम नीतीश कुमार पर निशाना साधा।












