वाराणसी: कैंट थाना क्षेत्र के पास सड़क पर खतरनाक स्टंट करते दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इन स्टंट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और कार्रवाई की। मौके से बिना नंबर की पल्सर मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है।
थाना कैंट के इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्र ने बताया कि गिरफ्तार युवक लंबे समय से सड़क पर स्टंट करते हुए वीडियो बनाकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड कर रहे थे। इससे न केवल ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन हो रहा था बल्कि आम लोगों की जान को भी खतरा पैदा हो रहा था।
गिरफ्तार युवकों की पहचान: मयंक, पुत्र रामसेवक, निवासी फुलवरिया (थाना कैंट) आकाश, पुत्र ओमप्रकाश, निवासी पहलूका पूरा (थाना कैंट)
पुलिस के अनुसार दोनों युवकों के हाथों पर बने विशेष टैटू के आधार पर उनके अन्य साथियों की पहचान की जा रही है। दोनों ड्राइविंग लाइसेंस भी प्रस्तुत नहीं कर सके, जिस पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इंस्पेक्टर मिश्र ने कहा कि सड़कों पर स्टंटबाजी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह खतरनाक हरकतें हादसे को आमंत्रित करती हैं और आम जनता की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बनती हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में इस तरह की गतिविधियों में शामिल पाए जाने वालों पर भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।










