ब्राजील में तूफान का कहर, गुआइबा में स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी की रेप्लिका धराशायी

ब्राजील में तूफान का कहर, गुआइबा में स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी की रेप्लिका धराशायी

ब्राजील के गुआइबा शहर में आए भीषण तूफान के कारण 40 मीटर ऊंची स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी की रेप्लिका ढह गई। रिटेल स्टोर परिसर में हुई इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

Brazil: ब्राजील के दक्षिणी हिस्से में स्थित गुआइबा शहर में सोमवार को आए भीषण आंधी-तूफान ने लोगों को दहशत में डाल दिया। इस तेज तूफान का सबसे चौंकाने वाला दृश्य तब सामने आया, जब शहर में बनी 40 मीटर ऊंची स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी की रेप्लिका अचानक ढह गई। यह मूर्ति न्यूयॉर्क में स्थित विश्व प्रसिद्ध स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी की हूबहू नकल थी और गुआइबा शहर के लिए एक पहचान बन चुकी थी। तेज हवाओं के सामने यह विशाल संरचना टिक नहीं सकी और देखते ही देखते जमीन पर गिरकर पूरी तरह नष्ट हो गई।

कहां और कैसे हुई यह घटना

यह घटना गुआइबा शहर में एक बड़े रिटेल ब्रांड हावन के स्टोर परिसर में हुई। स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी की यह रेप्लिका स्टोर के पार्किंग एरिया में एक फास्ट-फूड आउटलेट के पास स्थापित की गई थी। सोमवार 15 दिसंबर 2025 की दोपहर अचानक मौसम ने करवट बदली और तेज आंधी के साथ तूफानी हवाएं चलने लगीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ ही मिनटों में हवा की रफ्तार इतनी तेज हो गई कि भारी-भरकम मूर्ति हिलने लगी और फिर तेज आवाज के साथ गिर पड़ी।

7 मंजिला ऊंची मूर्ति चूर-चूर

करीब 7 मंजिला ऊंचाई वाली इस मूर्ति का गिरना किसी बड़े हादसे से कम नहीं था। जब यह स्टैच्यू जमीन से टकराई, तो इसका ऊपरी हिस्सा पूरी तरह टूट गया। मूर्ति का सिर कई टुकड़ों में बिखर गया और लोहे व कंक्रीट के हिस्से चारों ओर फैल गए। जिस स्थान पर यह गिरी, वहां कुछ समय पहले तक लोग और गाड़ियां मौजूद थीं। हालांकि, तेज हवा और खतरे को भांपते हुए लोगों ने समय रहते वहां से दूरी बना ली, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

किसी के हताहत न होने से राहत

लोकल अथॉरिटी और प्रशासन ने राहत की सांस ली है क्योंकि इस घटना में किसी भी व्यक्ति के घायल होने या जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है। पार्किंग एरिया में खड़ी गाड़ियों को भी कोई बड़ा नुकसान नहीं पहुंचा। प्रशासन के अनुसार, अगर यह मूर्ति थोड़ी देर पहले गिरती, तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी। समय रहते लोगों की सतर्कता ने बड़ी त्रासदी को टाल दिया।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी के गिरने का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे तेज हवाएं मूर्ति को झकझोर रही हैं और कुछ ही पलों में यह विशाल संरचना धराशायी हो जाती है। वीडियो देखने वालों ने इसे प्रकृति की ताकत का बड़ा उदाहरण बताया है। कई यूजर्स ने कमेंट करते हुए कहा कि इतनी मजबूत दिखने वाली संरचना भी तूफान के सामने टिक नहीं सकी।

हावन कंपनी ने दी जानकारी

इस मूर्ति को स्थापित करने वाली हावन कंपनी ने भी इस घटना को लेकर आधिकारिक बयान जारी किया है। कंपनी के अनुसार, इस स्टैच्यू की कुल ऊंचाई लगभग 114 फीट थी। इसमें से करीब 78 फीट का हिस्सा पूरी तरह टूट गया है। वहीं 36 फीट ऊंचा बेस, जिस पर मूर्ति खड़ी थी, उसे ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है। कंपनी ने कहा है कि सुरक्षा कारणों से अब पूरे ढांचे का तकनीकी निरीक्षण किया जाएगा और आगे का फैसला रिपोर्ट के आधार पर लिया जाएगा।

Leave a comment