चिली में बायोबियो और नुब्ले क्षेत्रों में जंगल की आग फैल गई। आग ने सैकड़ों घर और हजारों एकड़ जंगल जलाया, 18 लोगों की मौत हुई। राष्ट्रपति गेब्रियल बोरिक ने आपदा की इमरजेंसी घोषित कर राहत कार्य तेज करने का आदेश दिया।
Chile Wildfires: चिली इस समय भीषण जंगल की आग की चपेट में है। देश के मध्य और दक्षिणी हिस्सों में लगी आग लगातार फैल रही है और स्थिति भयावह बनी हुई है। बायोबियो और नुब्ले क्षेत्रों में हालात इतने गंभीर हैं कि सरकार ने आपदा की स्थिति घोषित कर दी है। आग ने हजारों एकड़ जंगल और सैकड़ों घरों को तबाह कर दिया है और कम से कम 18 लोगों की जान जा चुकी है।
लगातार फैल रही आग
चिली में लगी आग अब तक 8,500 हेक्टेयर यानी 21,000 एकड़ में फैल चुकी है। बायोबियो क्षेत्र के प्रमुख शहर कॉन्सेप्सियन में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राष्ट्रपति गेब्रियल बोरिक ने पीड़ितों के प्रति संवेदना व्यक्त की और बताया कि शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार 18 लोगों की मौत हुई है और 300 घर नष्ट हो गए हैं। उन्होंने कहा कि नुकसान का पूरा आंकड़ा अभी सामने नहीं आया है।
राष्ट्रपति बोरिक ने अनुमान लगाया कि अकेले बायोबियो क्षेत्र में प्रभावित घरों की संख्या एक हजार से अधिक हो सकती है। पहाड़ियों और जंगलों में लगी आग के कारण लगभग 50,000 लोगों को अपने घर छोड़ने पड़े। राष्ट्रपति ने कहा कि यह मुश्किल समय है और सभी को सतर्क रहने की आवश्यकता है।
स्थानीय लोगों की शिकायतें
राष्ट्रपति के बयान के बाद स्थानीय अधिकारियों और नागरिकों ने भी चिंता जताई। कई लोगों ने बताया कि घंटों तक राहत और मदद नहीं पहुंची। उन्होंने कहा कि कई इलाके तबाही के बीच छोड़ दिए गए थे और लोगों को खुद ही सुरक्षित स्थान पर जाने की मजबूरी थी।

55 साल के जॉन गुजमैन ने कहा कि बहुत से लोग अपने घरों में फंस गए क्योंकि उन्हें लगा कि आग जंगल के किनारे पर ही रुक जाएगी। कई परिवारों ने तुरंत सुरक्षित स्थानों की ओर भागकर अपनी जान बचाई।
गर्मी और तेज हवाओं ने बढ़ाई मुश्किलें
चिली में आग पर काबू पाना बेहद मुश्किल हो रहा है। गर्मी और तेज हवाओं की वजह से आग तेजी से फैल रही है। गृह मंत्री अल्वारो एलिजाल्डे ने बताया कि आने वाले दिनों में तापमान और मौसम की स्थिति कठिन बनी रहेगी।
दमकलकर्मी और राहतकर्मी आग बुझाने और लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। कई लोगों ने बताया कि आग के कारण वे अपने घरों में फंस गए और खिड़की या दरवाजे से भागने का प्रयास करना पड़ा।
भयावह मंजर
पेंको शहर के ज्यादातर हिस्से आग की चपेट में आ गए हैं। स्कूल, चर्च और निजी वाहन जलकर राख हो गए हैं। हजारों लोग अस्थायी इमरजेंसी शेल्टर में शरण लेने के लिए मजबूर हुए।
52 साल के जुआन लागोस ने बताया कि उन्होंने बच्चों के साथ अंधेरे में भागकर अपनी जान बचाई। खेतों, घरों और सड़कों के किनारे जले हुए शव मिलने की खबर से पूरे इलाके में भय का माहौल है। 54 साल के विक्टर बुरबोआ ने कहा कि जो कुछ उन्होंने देखा, उससे यह साफ है कि कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।
राष्ट्रपति ने घोषित की इमरजेंसी
चिली की राष्ट्रपति गेब्रियल बोरिक ने बायोबियो और नुब्ले क्षेत्रों में आपदा की स्थिति घोषित कर दी है। इसका उद्देश्य प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाना है। राष्ट्रपति ने स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा बलों को निर्देश दिए हैं कि वे प्रभावित लोगों की मदद के लिए तुरंत कदम उठाएं।












