बीकानेर के नापासर क्षेत्र में 12वीं की छात्रा को जबरन कार में डालकर गैंगरेप किया गया। ग्रामीणों की मदद से छात्रा बची। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, आरोपियों की तलाश जारी है।
Rajasthan: बीकानेर के नापासर थाना क्षेत्र से एक बेहद गंभीर और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां 12वीं कक्षा में पढ़ने वाली एक छात्रा को स्कूल जाते समय दो युवकों ने जबरन कार में बैठा लिया। यह घटना 6 जनवरी की बताई जा रही है।
पीड़िता रोज की तरह सुबह घर से स्कूल के लिए निकली थी। स्कूल के पास पहुंचते ही कार में सवार दो युवक वहां आए और छात्रा को डराकर जबरन गाड़ी में बैठा लिया।
चलती कार में किया सामूहिक दुष्कर्म
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने छात्रा को घंटों तक कार में इधर-उधर घुमाया। इस दौरान उसे धमकाया गया और चलती कार में ही बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया गया।
पीड़िता डर के कारण चुप रही और मदद की गुहार नहीं लगा सकी। आरोपी लगातार उसे जान से मारने की धमकी देते रहे।
ग्रामीणों की सतर्कता से बची जान
घटना के दौरान पड़ोसी गांव के कुछ लोगों को कार की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। ग्रामीणों ने कार को रोका और छात्रा को बाहर निकाला। इसके बाद तुरंत उसके परिजनों को सूचना दी गई।
परिजन मौके पर पहुंचे और छात्रा को अपने साथ घर ले गए। इसी बीच दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने के बाद नापासर पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करवाया है। मामले की जांच गंगाशहर सीओ हिमांशु शर्मा को सौंपी गई है।
पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है, लेकिन उनकी तलाश जारी है।












