बॉलीवुड अभिनेत्री Daisy Shah ने मुंबई में बीएमसी चुनाव प्रचार के दौरान लापरवाही से पटाखे फोड़ने वालों पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि उनके बगल वाली बिल्डिंग में पटाखों के कारण आग लग गई, और यह नागरिक जिम्मेदारी का उल्लंघन है।
Daisy Shah: सलमान खान की फिल्म ‘जय हो’ से बॉलीवुड में कदम रखने वाली अभिनेत्री डेजी शाह सोशल मीडिया पर अपनी भावनाओं को खुलकर व्यक्त करने में कभी पीछे नहीं रहतीं। हाल ही में उनका गुस्सा एक बार फिर सामने आया है। डेजी शाह की एक वीडियो तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें वह चुनाव प्रचार में लापरवाही करने वालों पर अपना गुस्सा जाहिर करती दिख रही हैं। वीडियो में उन्होंने बताया कि चुनाव प्रचार करने वालों की लापरवाही की वजह से उनके बगल वाली बिल्डिंग के एक घर में आग लग गई थी।
चुनाव प्रचार में हुई आग की घटना
हाल ही में डेजी शाह ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने बताया कि बीएमसी चुनाव प्रचार में फायर क्रैकर्स की लापरवाही के कारण उनके बगल वाली बिल्डिंग में आग लग गई। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार ठीक है, लेकिन इस दौरान सुरक्षा नियमों की अनदेखी करना और पटाखे जलाना खतरनाक है।
डेजी शाह ने वीडियो में दिखाया कि आग किस घर में लगी और कहा, "यहां रेजिडेंशियल बिल्डिंग है। हमारी बिल्डिंग कमिटी ने पहले ही कहा था कि चुनाव प्रचार करते समय बिल्डिंग के पास पटाखे न जलाएं। लेकिन आसपास की दो अन्य बिल्डिंगों में टीमों ने अलाउड पटाखे जलाए, जिससे आग लग गई।

नागरिक जिम्मेदारी का संदेश
डेजी शाह ने वीडियो में स्पष्ट किया कि उनका राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है, लेकिन नागरिक और चुनाव प्रचार करने वाली टीमों की जिम्मेदारी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा, जाकर खुले ग्राउंड में पटाखे फोड़ो, लेकिन किसी के घर के पास नहीं। अगर आप प्रचार कर रहे हैं, तो अपनी टीम को समझाएं कि दिमाग का इस्तेमाल करें। यह पूरी तरह लापरवाही का मामला है।
उन्होंने यह भी कहा कि अपने वीडियो के जरिए उन्होंने किसी विशेष राजनीतिक पार्टी का नाम इसलिए लिया ताकि जिम्मेदारी तय हो सके। उनका मकसद सिर्फ यह संदेश देना है कि सुरक्षा का ध्यान रखना और नागरिक जिम्मेदारी निभाना हर किसी की प्राथमिकता हो।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो
डेजी शाह के वीडियो ने सोशल मीडिया पर तेजी से ध्यान खींचा। उन्होंने कैप्शन में लिखा, मेरा किसी भी राजनीतिक पार्टी से कोई लेना-देना नहीं है, लेकिन अगर आप चुनाव प्रचार के लिए टीम हायर कर रहे हैं, तो सुनिश्चित करें कि वे अपना दिमाग इस्तेमाल करें। यह तभी होता है जब लोगों में नागरिक भावना की कमी हो। इसकी जिम्मेदारी लो।
फैंस और दर्शक वीडियो पर प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं और कई लोग सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील कर रहे हैं। कई ने लिखा कि चुनावी गतिविधियों में सावधानी रखना और सार्वजनिक स्थानों पर आग और पटाखों से बचना बेहद जरूरी है।










