दहेज प्रताड़ना के विवाद में पत्नी-बुआ पर पेट्रोल डालकर लगाई आग, जिला अस्पताल में भर्ती

दहेज प्रताड़ना के विवाद में पत्नी-बुआ पर पेट्रोल डालकर लगाई आग, जिला अस्पताल में भर्ती
AI IMAGE

मंदसौर में पति ने पत्नी और बुआ पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। दोनों गंभीर रूप से झुलस गई हैं। पुलिस जांच में जुटी है। परिवार ने पुलिस की लापरवाही पर नाराजगी जताई और इंसाफ की मांग की है।

Madhya Pradesh: पीड़िता ममता (35) ने नवंबर 2024 में अपने पति राजूनाथ (40) के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज कराया था। आरोप है कि पति ने 5 लाख रुपए की मांग की थी और रकम नहीं मिलने पर घर में बार-बार विवाद और मारपीट होती थी।

9 जनवरी को इस केस की सीतामऊ कोर्ट में सुनवाई हुई थी। कोर्ट की पेशी के बाद ममता अपनी बुआ कासूबाई (60) के घर पीपलखूंटा गांव चली गई थी। ममता पिछले करीब एक साल से अपने पति से अलग रह रही थी और इस मामले में 2–3 बार कोर्ट में पेशी हो चुकी थी।

पति ने पेट्रोल डालकर आग लगाई

शनिवार शाम करीब 6 बजे, कोर्ट से लौटने के दौरान राजूनाथ पीपलखूंटा पहुंचा। उसने अपनी पत्नी ममता पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। जब बुआ कासूबाई आग बुझाने और ममता को बचाने पहुंचीं, तो आरोपी ने उन पर भी पेट्रोल डालकर आग लगा दी।

ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और आग को बुझाया। दोनों महिलाओं को जिला अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, ममता का चेहरा, छाती और पेट लगभग 35 फीसदी झुलस चुका है। कासूबाई की हालत भी गंभीर है। घटना का VIDEO सामने आया है, जिसमें आरोपी आग लगाते हुए दिखाई दे रहा है।

पीड़िता ने बंदूक दिखाकर धमकी देने की बात कही

ममता ने बताया कि वह बुआ के घर अपने माता-पिता के साथ गई थी। तभी पति पीछे से आया और बंदूक दिखाकर धमकी देने लगा कि वह पूरा घर फोड़ देगा। ममता ने उसे पास बुलाने से मना किया, लेकिन आरोपी ने पेट्रोल डालकर आग लगा दी।

ममता ने पुलिस और प्रशासन से इंसाफ की मांग की। वह डरती हैं कि पति उनके माता-पिता को भी नुकसान पहुंचा सकता है।

पिता का आरोप– पुलिस ने चेतावनी नहीं सुनी

पीड़िता के पिता रामसिंह नाथ ने बताया कि तीन महीने पहले उन्होंने सुवासरा थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी। उन्होंने तत्कालीन थाना प्रभारी को बताया था कि दामाद पेट्रोल डालकर जलाने की धमकी दे रहा है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उनके अनुसार, अगर पुलिस समय रहते कदम उठाती, तो उनकी बेटी इस हालात में नहीं होती।

Leave a comment