केकड़ी, अजमेर में महेंद्र साहू पर दिन में गोली चली। पेट और हाथ में चोट लगी। पुलिस ने आरोपी अजय साहू और दो अन्य को गिरफ्तार कर लिया है और जांच जारी है।
Rajasthan: अजमेर जिले के केकड़ी कस्बे में बुधवार शाम करीब 4 बजे दिनदहाड़े एक व्यापारी पर फायरिंग की घटना सामने आई। घटना अजमेरी गेट क्षेत्र स्थित अम्बिका प्रिंटर्स की दुकान पर हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल व्यापारी महेंद्र साहू को इलाज के लिए सरकारी हॉस्पिटल में भर्ती कराया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी अजय साहू को अपने साथियों के साथ व्यापारी पर फायर करते हुए देखा जा सकता है।
रुपये के विवाद के चलते हुई गोलीबारी
एडिशनल एसपी राजेश कुमार मील ने बताया कि पीड़ित महेंद्र साहू और आरोपी अजय साहू के बीच पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। बुधवार शाम अजय अपने साथियों के साथ महेंद्र की दुकान पर पहुंचा और कहासुनी के दौरान पेट और हाथ में दो गोलियां चला दी।
महेंद्र साहू लहूलुहान होकर नीचे गिर गए। वहां मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने आरोपी और गाड़ी जब्त की

पुलिस ने मौके से आरोपी अजय साहू को हिरासत में लिया। इसके साथ ही दो अन्य आरोपियों को भी डिटेन किया गया। वारदात में इस्तेमाल गाड़ी को भी जब्त कर लिया गया है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के पास हथियार कहां से आया और उसके साथ कौन-कौन लोग शामिल थे।
पुराना विवाद और मारपीट का मामला
एडिशनल एसपी राजेश मील ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से पैसों को लेकर रंजिश चल रही है। इससे पहले भी दोनों तरफ से मारपीट के मुकदमे दर्ज हैं। कुछ दिन पहले पीड़ित व्यापारी के छोटे बेटे के साथ भी मारपीट की घटना हुई थी।
पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इस घटना का पीछे का नेटवर्क क्या है और आरोपी ने गोलीबारी क्यों की। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और आरोपी और उनके साथियों को कड़ी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।











