इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने 2025/26 सीजन के लिए इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट्स की घोषणा कर दी है। इस बार कुल 17 खिलाड़ियों को फुल सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट और 4 खिलाड़ियों को स्किल्स कॉन्ट्रैक्ट दिए गए हैं।
स्पोर्ट्स न्यूज़: इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने 2025-26 सत्र के लिए इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट्स की आधिकारिक घोषणा कर दी है। इस बार कुल 17 खिलाड़ियों को फुल सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट और 4 खिलाड़ियों को स्किल्स कॉन्ट्रैक्ट दिए गए हैं। बोर्ड ने युवा प्रतिभाओं और अनुभवी खिलाड़ियों के संतुलन के साथ आने वाले वर्षों की तैयारियों को मजबूती देने की कोशिश की है।
इस सूची में 10 खिलाड़ियों को नए एक साल के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट मिले हैं, जबकि 7 खिलाड़ी पहले से जारी दो साल के कॉन्ट्रैक्ट के दूसरे वर्ष में प्रवेश कर रही हैं। हालांकि, इस लिस्ट से सबसे बड़ा नाम बाहर रहने का केट क्रॉस का है, जो इंग्लैंड की अनुभवी तेज गेंदबाज रही हैं।
लिन्सी स्मिथ को पहली बार मिला फुल सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट

इस घोषणा का सबसे बड़ा आकर्षण लिन्सी स्मिथ का नाम रहा, जिन्हें पहली बार फुल सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट से नवाजा गया है। उन्होंने सात साल पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखा था और धीरे-धीरे अपनी मेहनत से टीम में जगह बनाई। मई 2024 में वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने वनडे डेब्यू में उन्होंने पांच विकेट झटककर सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा था।
उनके अलावा एम अर्लॉट और एमा लैम्ब को पहली बार स्किल्स कॉन्ट्रैक्ट दिए गए हैं। एम अर्लॉट ने हाल ही में घरेलू सीरीज में 27 साल की उम्र में अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था, जबकि एमा लैम्ब ने 2021 में न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच से अपने करियर की शुरुआत की थी। पीठ की सर्जरी से उबरने के बाद लैम्ब टीम में वापसी कर रही हैं और नई मुख्य कोच शार्लोट एडवर्ड्स के मार्गदर्शन में खुद को फिर साबित करने के लिए तैयार हैं।
स्किल्स कॉन्ट्रैक्ट को पहले डेवेलपमेंट कॉन्ट्रैक्ट के नाम से जाना जाता था। इस श्रेणी में अर्लॉट और लैम्ब के अलावा रयाना मैकडोनाल्ड-गे और इस्सी वोंग को भी शामिल किया गया है।
अनुभवी केट क्रॉस को सूची से बाहर रखा गया

इस बार की सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट सूची में सबसे चौंकाने वाली बात 34 वर्षीय अनुभवी तेज गेंदबाज केट क्रॉस का बाहर होना रहा। सितंबर में ही उन्होंने संकेत दे दिया था कि बोर्ड की ओर से उन्हें इस फैसले की जानकारी पहले ही दे दी गई थी। फिलहाल उन्होंने अपने भविष्य को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए इंग्लैंड महिला टीम की मैनेजिंग डायरेक्टर क्लेयर कॉनर ने कहा कि घरेलू क्रिकेट में किसी भी खिलाड़ी के लिए चयन के दरवाजे हमेशा खुले रहते हैं और प्रदर्शन ही चयन का आधार होगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह फैसला भविष्य की रणनीति को ध्यान में रखकर लिया गया है।
- मौजूदा कॉन्ट्रैक्ट: लॉरेन बेल, चार्ली डीन, सोफी एक्लेस्टोन, हीथर नाइट, एमी जोन्स, नैट साइवर-ब्रंट, डैनी वायट-हॉज।
- नए एक साल के कॉन्ट्रैक्ट पाने वाली खिलाड़ी: टैमी ब्यूमोंट, माइया बाउचियर, एलिस कैप्सी, सोफिया डंकले, लॉरेन फाइलर, माहिका गौर, डेनिएल गिब्सन, सारा ग्लेन, फ्रेया केम्प, लिंसे स्मिथ।
- नए स्किल्स कॉन्ट्रैक्ट: एम अर्लट, एमा लैम्ब, रयाना मैकडोनाल्ड-गे, इस्सी वोंग।
क्लेयर कॉनर ने कहा कि यह टीम युवा और अनुभवी खिलाड़ियों के संतुलन का बेहतरीन उदाहरण है और यह इंग्लैंड की लंबी अवधि की योजनाओं को दर्शाता है। उनका मुख्य लक्ष्य 2026 महिला टी20 वर्ल्ड कप है, जिसका फाइनल 5 जुलाई को ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर खेला जाएगा। उन्होंने कहा कि भारत को अपने देश में महिला वर्ल्ड कप जीतते हुए देखना पूरे क्रिकेट जगत के लिए प्रेरणादायक रहा है और इंग्लैंड भी उसी तरह बड़े मंच पर अपना दबदबा बनाना चाहता है।










