गोरखपुर में किशोर की संदिग्ध मौत: हाथ बंधे मिले, फंदे से लटकता देखा गया शव

गोरखपुर में किशोर की संदिग्ध मौत: हाथ बंधे मिले, फंदे से लटकता देखा गया शव

गोरखपुर। शहर के चिलुआताल इलाके में एक किशोर का शव बुधवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। मृतक के दोनों हाथ बंधे होने के कारण घटना ने रहस्य गहरा दिया है। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर फोरेंसिक टीम को साक्ष्य एकत्र करने के लिए बुलाया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान लवकुश पांडेय के रूप में हुई है, जो मूल रूप से सिकरीगंज क्षेत्र के लोहरैया गांव का निवासी था और पढ़ाई के लिए गोरखनाथ थाना क्षेत्र में किराए के कमरे में रहता था।

परिजनों के अनुसार, वह मंगलवार शाम कोचिंग से लौटने के बाद कुछ देर टहलने गया था और फिर कमरे में आकर दरवाजा बंद कर लिया। सुबह जब उसकी बहन ने छत से झाँककर देखा, तो लवकुश फंदे से लटका हुआ मिला।

पुलिस ने बताया कि कमरे में मिले फंदे में टेंट वाले काले कपड़े का उपयोग किया गया था। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि मृतक के हाथ भी रस्सी से बंधे हुए थे। इससे यह आशंका गहरी हो गई है कि मामला आत्महत्या के बजाय हत्या भी हो सकता है।

थाना चिलुआताल पुलिस ने बताया कि घटना की सभी संभावित दिशाओं में जांच की जा रही है।

फोरेंसिक टीम ने कमरे से नमूने और महत्वपूर्ण सुराग जुटाए हैं। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि हो सकेगी।

परिवार घटना से गहरे सदमे में है। बहन ने बताया कि लवकुश मोबाइल गेम्स का शौकीन था और उसने कमरे में कुछ तैयारियाँ भी कर रखी थीं, जिससे जांच में आत्महत्या का एंगल भी जोड़ा गया है।

Leave a comment