भारत सरकार के सख्त टेकडाउन आदेश के बाद एलन मस्क ने Grok AI को लेकर यूज़र्स को स्पष्ट चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि AI के जरिए गैरकानूनी या आपत्तिजनक कंटेंट बनाने की जिम्मेदारी यूज़र की होगी। सरकार ने X से 72 घंटे में कार्रवाई रिपोर्ट भी मांगी है।
Elon Musk Grok AI Warning: भारत में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर Grok AI से जुड़े कंटेंट को लेकर विवाद गहराया है, जब इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने अश्लील और गैरकानूनी सामग्री हटाने का आदेश दिया। इसके जवाब में X के मालिक एलन मस्क ने साफ कहा कि Grok का गलत इस्तेमाल करने वाले यूज़र्स ही जिम्मेदार होंगे। यह कार्रवाई भारत सरकार, X प्लेटफॉर्म और यूज़र्स से जुड़ी है, जिसका मकसद महिलाओं की गरिमा, ऑनलाइन सुरक्षा और कानून के पालन को सुनिश्चित करना है।
भारत के आदेश के बाद मस्क की दो टूक चेतावनी
भारत के इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने हाल ही में X को अश्लील, अभद्र और गैरकानूनी सामग्री हटाने का निर्देश दिया है। खास तौर पर Grok AI से तैयार किए जा रहे कंटेंट को लेकर सरकार ने सख्ती दिखाई है और बिना देरी कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
इसी के जवाब में एलन मस्क ने यूज़र्स को चेताते हुए कहा कि AI को ढाल बनाकर गलत काम नहीं किया जा सकता। Grok से निकलने वाला कंटेंट पूरी तरह यूज़र के इनपुट पर निर्भर करता है और जिम्मेदारी भी उसी की होगी।

AI नहीं, जिम्मेदारी यूज़र की
एलन मस्क ने X पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जैसे गलत बात लिखने पर कलम को दोष नहीं दिया जाता, वैसे ही AI टूल को भी दोषी नहीं ठहराया जा सकता। उनका साफ संदेश है कि Grok का इस्तेमाल अगर कानून तोड़ने के लिए किया गया, तो कार्रवाई तय है।
यह बयान ऐसे समय आया है जब सरकार को प्लेटफॉर्म पर महिलाओं से जुड़ी आपत्तिजनक सामग्री की लगातार शिकायतें मिल रही हैं। आरोप है कि कुछ यूज़र Grok AI के जरिए फर्जी अकाउंट बनाकर अश्लील तस्वीरें और कंटेंट तैयार कर रहे हैं।
72 घंटे में रिपोर्ट देने का निर्देश
सरकार ने X को न सिर्फ आपत्तिजनक कंटेंट हटाने को कहा है, बल्कि 72 घंटे के भीतर की गई कार्रवाई की पूरी रिपोर्ट भी मांगी है। मंत्रालय का कहना है कि नियमों का पालन न करने पर आईटी कानून के तहत सख्त कदम उठाए जा सकते हैं।
इस मुद्दे पर राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने भी केंद्रीय आईटी मंत्री को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने महिलाओं की गरिमा और ऑनलाइन सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई है।










