हांगकांग में बहुमंजिला अपार्टमेंट में लगी आग में 94 लोगों की मौत हो गई। 279 लोग लापता हैं और 70 से अधिक घायल। आग की जांच में स्टायरोफोम और निर्माण मटीरियल की भूमिका सामने आई है।
Hong Kong Fire: हांगकांग में एक बहुमंजिला अपार्टमेंट परिसर में लगी आग पर काबू पाने के लिए अग्निशमन कर्मी दूसरे दिन भी संघर्ष कर रहे हैं। इस हादसे में मृतकों की संख्या बृहस्पतिवार को बढ़कर 94 हो गई। बचावकर्मी टॉर्च लेकर जले हुए टॉवरों के पास एक अपार्टमेंट से दूसरे अपार्टमेंट में जा रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि अग्निशमन दल अब भी सात टावरों के सभी घरों में हताहतों की तलाश कर रहा है। वांग फुक कोर्ट परिसर की कुछ खिड़कियों से घना धुआं निकल रहा था। उत्तरी उपनगर ताई पो जिले में स्थित इन इमारतों में हजारों लोग रहते हैं।
अग्नि सेवा अभियान का विवरण
अग्नि सेवा अभियान के उप निदेशक डेरेक आर्मस्ट्रांग चान ने कहा कि अग्निशमन अभियान लगभग पूरा हो गया है। अब अगला चरण गहन तलाशी और बचाव अभियान है। यह आग बुधवार दोपहर को बांस के मचान और निर्माण जाल से शुरू हुई मानी जा रही है। आग तेजी से सात इमारतों में फैल गई। चान ने बताया कि मचान और मलबा ऊपर की मंजिलों से नीचे गिर रहा था, जिससे आपातकालीन वाहनों के लिए रास्ता अवरुद्ध हो गया और बचाव कार्यों में भारी कठिनाई आई।

घायलों का इलाज जारी
हांगकांग के नेता जॉन ली ने बृहस्पतिवार सुबह जानकारी दी कि 279 लोग लापता हैं। संवाददाता सम्मेलन के दौरान अधिकारियों ने लापता लोगों या इमारतों के अंदर फंसे लोगों की संख्या पर कोई अद्यतन जानकारी नहीं दी। दमकल सेवा विभाग के अनुसार इस भीषण अग्निकांड में 94 लोगों की मौत हो गई है। 11 अग्निशमन कर्मियों सहित 70 से अधिक लोग घायल हुए हैं। रात भर में लगभग 900 लोगों को अस्थायी आश्रयों में स्थानांतरित किया गया।
जांच में खुल रहे तथ्य
जैसे-जैसे हांगकांग की बिल्डिंग में लगी आग की जांच आगे बढ़ रही है, इसमें 94 लोगों की मौत की वजह का पता चल रहा है। आग के तेज़ी से फैलने में कंस्ट्रक्शन मटीरियल की भूमिका भी जांच का हिस्सा है। टावर कॉम्प्लेक्स को रेनोवेट कर रही इंजीनियरिंग कंपनी के तीन बड़े अधिकारियों को हत्या के शक में गिरफ्तार किया गया। एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, एक फ्लोर पर खिड़कियों से बहुत ज़्यादा आग पकड़ने वाला स्टायरोफोम लगा हुआ मिला। यह स्टायरोफोम रेनोवेशन में इस्तेमाल किया गया था।
क्या है स्टायरोफोम
स्टायरोफोम पॉलीस्टाइरीन से बनता है, जो पेट्रोलियम-बेस्ड प्लास्टिक है। इसका इस्तेमाल कंस्ट्रक्शन, इंसुलेशन और फूड पैकेजिंग में बहुत ज़्यादा होता है। यूरोपियन यूनियन समेत दुनिया के कई हिस्सों में फूड पैकेजिंग में इसका इस्तेमाल बैन है। बैन का कारण यह है कि स्टायरोफोम नॉन-बायोडिग्रेडेबल है और यह कैंसर पैदा कर सकता है।










