हरमनप्रीत कौर को जादवपुर विश्वविद्यालय से मिलेगा मानद डी लिट, जानिए मुख्य अतिथि के रूप में कौन होंगे शामिल

हरमनप्रीत कौर को जादवपुर विश्वविद्यालय से मिलेगा मानद डी लिट, जानिए मुख्य अतिथि के रूप में कौन होंगे शामिल

जादवपुर विश्वविद्यालय ने महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप विजेता कप्तान हरमनप्रीत कौर को मानद डी लिट प्रदान करने का प्रस्ताव रखा है। 24 दिसंबर को वार्षिक दीक्षांत समारोह में विश्वविद्यालय प्रशासन उनके योगदान और उपलब्धियों के लिए यह सम्मान देगा।

Sports: जादवपुर विश्वविद्यालय ने आईसीसी महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर को मानद डी लिट प्रदान करने का प्रस्ताव रखा है। यह प्रस्ताव हाल ही में विश्वविद्यालय के डीन की विशेष बैठक में सामने आया, जिसे नए कुलपति चिरंजीव भट्टाचार्य ने बुलाया था। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार 24 दिसंबर को वार्षिक दीक्षांत समारोह में हरमनप्रीत को आधिकारिक रूप से यह सम्मान प्रदान किया जाएगा।

राजभवन से मिली सहमति

विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि कुलपति भट्टाचार्य ने राजभवन में कुलाधिपति और राज्यपाल सीवी आनंद बोस को इस प्रस्ताव के बारे में अवगत कराया था। बैठक के दौरान राज्यपाल ने इस प्रस्ताव को मौखिक मंजूरी दे दी, जिसके बाद हरमनप्रीत का नाम आधिकारिक तौर पर मानद डी लिट के लिए स्वीकृत माना गया।

विश्वविद्यालय का मानना है कि वर्ल्ड कप विजेता कप्तान को यह सम्मान उनकी उपलब्धियों और भारतीय महिला क्रिकेट में महत्वपूर्ण योगदान के लिए दिया जा रहा है।

समारोह में नोबेल विजेता होंगे मुख्य अतिथि

कुलाधिपति ने दीक्षांत समारोह के लिए नोबेल पुरस्कार विजेता अभिजीत विनायक बनर्जी को मुख्य अतिथि बनाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी है। विश्वविद्यालय के अधिकारी के अनुसार डीआरडीओ प्रमुख समीर वी कामत और नेशनल रिसर्च फाउंडेशन के सीईओ शिवकुमार कल्याणरमन के नाम भी मुख्य अतिथि के रूप में भेजे गए थे और राजभवन ने इन दोनों नामों को भी स्वीकृति प्रदान कर दी है।

Leave a comment