इजरायल तैनात करेगा 'आयरन बीम', लेजर सिस्टम से हवाई सुरक्षा होगी मजबूत, जानें इसकी खासियत

इजरायल तैनात करेगा 'आयरन बीम', लेजर सिस्टम से हवाई सुरक्षा होगी मजबूत, जानें इसकी खासियत

इजरायल 30 दिसंबर 2025 से अपनी नई लेजर एयर डिफेंस प्रणाली 'आयरन बीम' को तैनात करेगा। यह सिस्टम रॉकेट, ड्रोन और अन्य हवाई खतरों को रोकने में सक्षम है और देश की सुरक्षा कवच को और मजबूत बनाएगा।

Defense News: इजरायल दुनिया के सबसे मजबूत एयर डिफेंस सिस्टम के लिए जाना जाता है। अब देश ने अपनी सुरक्षा को और बढ़ाने के लिए एक नए हथियार को तैनात करने की तैयारी कर ली है। 30 दिसंबर 2025 को इजरायली सेना को लेजरयुक्त एयर डिफेंस सिस्टम 'आयरन बीम' से लैस किया जाएगा। इस प्रणाली के आने के बाद देश की हवाई सुरक्षा और अधिक मजबूत हो जाएगी और दुश्मनों की योजनाओं को तुरंत नाकाम किया जा सकेगा।

आयरन बीम: क्या है यह हथियार

लेजरयुक्त 'आयरन बीम' एक विशेष प्रकार का हवाई सुरक्षा हथियार है। इसे रॉकेट, मोर्टार और ड्रोन सहित कई तरह के हवाई खतरों को रोकने के लिए विकसित किया गया है। इजरायली अधिकारी बताते हैं कि आयरन बीम का इस्तेमाल युद्ध के मैदान में रणनीतिक बदलाव ला सकता है। इस प्रणाली को विकसित करने में इजरायल ने एक दशक से अधिक समय लगाया है और अब यह पूरी तरह से तैनाती के लिए तैयार है।

इजरायली अधिकारी का बयान

इजरायली रक्षा मंत्रालय के रक्षा अनुसंधान एवं विकास निदेशालय के प्रमुख ब्रिगेडियर जनरल (सेवानिवृत्त) डेनियल गोल्ड ने कहा, ‘‘विकास कार्य पूरा हो चुका है और परीक्षणों ने इस सिस्टम की क्षमताओं को प्रमाणित किया है। इसलिए 30 दिसंबर को इसे इजरायली रक्षा बल (IDF) को सौंपने की तैयारी है।’’ उन्होंने यह भी बताया कि भविष्य की तकनीकी प्रणालियों पर भी काम चल रहा है और उन्हें और अधिक एडवांस बनाने की योजना है।

इजरायली अधिकारी ने भविष्य के तकनीकी विकास पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि देश अंतरिक्ष, अटैक और डिफेंस दोनों तरह के संघर्षों के लिए अगली पीढ़ी की तकनीक पर काम कर रहा है। इसके तहत हवाई खतरों से निपटने की और अधिक प्रभावी प्रणालियाँ तैयार की जाएंगी। अधिकारी ने कहा कि जैसे ही नई तकनीक तैयार होगी, उसे सफलता के साथ लागू किया जाएगा।

हालिया संघर्षों में सफलता

इजरायली अधिकारी ने हाल के युद्ध और सुरक्षा घटनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि हाल ही में हुए संघर्षों में उनके हथियारों ने समय रहते बाहरी खतरों को रोका और इजरायल की सुरक्षा को बनाए रखा। उन्होंने कहा कि देश भविष्य के खतरों से निपटने के लिए लगातार तैयार है और सुरक्षा उपायों को लगातार अपडेट किया जा रहा है।

Leave a comment