भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली गई तीन मैचों की वनडे सीरीज ने क्रिकेट प्रेमियों को रोमांच से भर दिया। इस सीरीज में न्यूजीलैंड ने शानदार वापसी करते हुए टीम इंडिया को 2-1 से हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की।
स्पोर्ट्स न्यूज़: तीन मैचों की वनडे सीरीज में न्यूजीलैंड ने टीम इंडिया को 2-1 से हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की। सीरीज का तीसरा और निर्णायक मुकाबला इंदौर में खेला गया, जहां भारतीय टीम को 41 रनों से हार का सामना करना पड़ा। सीरीज के पहले मैच में हार झेलने के बाद कीवी टीम ने शानदार वापसी की और अगले दोनों मुकाबलों में दमदार प्रदर्शन करते हुए सीरीज अपने नाम कर ली।
न्यूजीलैंड की इस जबरदस्त वापसी में डेरिल मिचेल की भूमिका सबसे अहम रही। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें अंतिम मैच का प्लेयर ऑफ द मैच और पूरे टूर्नामेंट का प्लेयर ऑफ द सीरीज अवॉर्ड से नवाजा गया।
डेरिल मिचेल का शानदार बल्लेबाजी प्रदर्शन
इस सीरीज में डेरिल मिचेल ने जिस तरह का बल्लेबाजी प्रदर्शन किया, वह काबिल-ए-तारीफ रहा। उन्होंने तीनों मैचों में लगातार रन बनाए और भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा। पहले वनडे में, भले ही न्यूजीलैंड को हार का सामना करना पड़ा, लेकिन मिचेल ने तब भी 84 रनों की शानदार पारी खेली थी।इसके बाद उन्होंने अपने खेल को और ऊंचे स्तर पर पहुंचाया। दूसरे वनडे में मिचेल ने नाबाद 131 रन बनाकर न्यूजीलैंड को मजबूत स्थिति में पहुंचाया और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। इस पारी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
तीसरे वनडे में डेरिल मिचेल ने एक बार फिर बड़ा प्रदर्शन किया। इंदौर में खेले गए इस मुकाबले में उन्होंने 137 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली। मिचेल की इस पारी के दौरान उनकी टाइमिंग, शॉट सिलेक्शन और धैर्य देखने लायक था। उनके साथ ग्लेन फिलिप्स ने भी शतक जमाया, जिसके दम पर न्यूजीलैंड ने 50 ओवर में 337 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।
भारत के सामने यह लक्ष्य चुनौतीपूर्ण साबित हुआ और टीम इंडिया 296 रन पर सिमट गई। मिचेल की इस पारी के लिए उन्हें एक बार फिर प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला।

सीरीज में बनाए 352 रन, अवॉर्ड मिलने के बाद मिचेल की प्रतिक्रिया
डेरिल मिचेल इस वनडे सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उन्होंने तीन मैचों में कुल 352 रन बनाए और 300 से ज्यादा रन बनाने वाले इकलौते बल्लेबाज बने। इस शानदार प्रदर्शन के चलते उन्हें सर्वसम्मति से प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया। रन बनाने के मामले में भारतीय टीम के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली दूसरे स्थान पर रहे, लेकिन मिचेल की निरंतरता और बड़े स्कोर ने उन्हें सबसे आगे रखा।
प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड मिलने के बाद डेरिल मिचेल ने कहा, टीम के लिए योगदान देना हमेशा खास होता है और भारत में सीरीज जीतना हमारे ग्रुप के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है। जिस तरह से हमने एक यूनिट के तौर पर बल्लेबाजी की, खासकर शुरुआत में विल यंग के साथ और फिर ग्लेन फिलिप्स का योगदान, वह शानदार रहा।
उन्होंने आगे कहा, मैं खुद को पूरी तरह वर्तमान में रखने की कोशिश करता हूं, गेंद पर नजर बनाए रखता हूं और अपनी प्रक्रिया को दोहराने पर फोकस करता हूं।












