IPL 2026: अदार पूनावाला ने RCB खरीदने में दिखाई दिलचस्पी, सोशल मीडिया पर किया बड़ा ऐलान

IPL 2026: अदार पूनावाला ने RCB खरीदने में दिखाई दिलचस्पी, सोशल मीडिया पर किया बड़ा ऐलान

आईपीएल 2026 से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के भविष्य को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के सीईओ और बिजनेस टाइकून अदार पूनावाला ने RCB को खरीदने में अपनी दिलचस्पी सोशल मीडिया के जरिए जाहिर की है। 

स्पोर्ट्स न्यूज़: आईपीएल 2026 के शुरू होने से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को खरीदने के लिए सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के सीईओ और बिजनेस टाइकून अदार पूनावाला ने दिलचस्पी दिखाई है। उन्होंने 22 जनवरी को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए इस बात का ऐलान किया। पूनावाला ने कहा कि वह आईपीएल टीम के लिए मजबूत और प्रतिस्पर्धी बोली लगाने वाले हैं। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु वर्तमान में आईपीएल की चैंपियन टीम है और उनकी टीम के पास जबरदस्त फैन फॉलोइंग भी मौजूद है।

अदार पूनावाला ने किया सोशल मीडिया पर पोस्ट

अदार पूनावाला ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि, आने वाले कुछ महीनों में मैं RCB के लिए एक मजबूत और प्रतिस्पर्धी बोली लगाने की तैयारी कर रहा हूं। यह आईपीएल की सबसे बेहतरीन टीमों में से एक है। RCB फिलहाल यूनाइटेड स्पिरिट्स ब्रिटेन की Diageo के नियंत्रण में है। लंबे समय से इस फ्रेंचाइजी की बिक्री की चर्चाएं होती रही हैं, लेकिन अब हाल में आरसीबी की खिताबी जीत, फैन फॉलोइंग और स्टेडियम में हुई घटनाओं के चलते मालिकाना हक बदलने की संभावनाएं बढ़ गई हैं।

आरसीबी ने 17 साल के लंबे इंतजार के बाद आईपीएल के 18वें सीजन में अपना पहला खिताब जीता। रजत पाटीदार की कप्तानी में टीम ने फाइनल में पंजाब किंग्स को हराकर इतिहास रचा। इस जीत के बाद बेंगलुरु में जश्न का माहौल बन गया था। लेकिन चार जून को एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हुई भगदड़ की घटना ने खुशी को मातम में बदल दिया। करीब तीन लाख लोग जीत का जश्न देखने आए थे, जिसमें 11 लोगों की मौत और 50 से अधिक घायल होने की सूचना मिली। इस हादसे के बाद फ्रेंचाइजी को भारी नुकसान झेलना पड़ा।

RCB खरीदने में अन्य कंपनियां भी दिलचस्पी ले रही हैं

अदार पूनावाला के अलावा विजय किरागंदूर की कंपनी होम्बले फिल्म्स भी RCB खरीदने की दौड़ में शामिल मानी जा रही है। होम्बले फिल्म्स ‘केजीएफ’ और ‘कांतारा’ जैसी सुपरहिट फिल्मों की निर्माता कंपनी है। हालांकि, इस संबंध में अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। यदि होम्बले फिल्म्स भी बोली में शामिल होती है, तो RCB का भविष्य और भी रोमांचक मोड़ पर पहुंच सकता है।

RCB को केवल क्रिकेटिंग सफलता ही नहीं मिली, बल्कि इसकी फैन फॉलोइंग भी जबरदस्त है। सोशल मीडिया पर RCB के फैंस की संख्या लाखों में है, और टीम की खिताबी जीत के बाद इसका ब्रांड मूल्य और भी बढ़ गया है। अदार पूनावाला के नेतृत्व में टीम की खरीद से न सिर्फ क्रिकेटिंग रणनीति, बल्कि व्यापार और मार्केटिंग क्षेत्र में भी नई संभावनाएं खुल सकती हैं। सीरम इंस्टीट्यूट जैसी बड़ी कंपनी का आईपीएल में निवेश इसे वैश्विक स्तर पर और अधिक प्रतिष्ठित बना सकता है।

Leave a comment