आईपीएल 2026 के लिए खिलाड़ियों की नीलामी दिसंबर में होने वाली है, उससे पहले ही भारत में प्रमुख टी20 टूर्नामेंट सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का आयोजन किया जा रहा है। इस टूर्नामेंट पर सभी फ्रेंचाइजी की निगाहें टिकी हैं।
स्पोर्ट्स न्यूज़: आईपीएल 2026 की नीलामी से पहले भारतीय घरेलू क्रिकेट के प्रमुख टी20 टूर्नामेंट सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में पृथ्वी शॉ ने अपने बल्ले से जोरदार संदेश दे दिया है। पिछली नीलामी में अनसोल्ड रहने वाले पृथ्वी शॉ ने महाराष्ट्र की कप्तानी करते हुए महज 23 गेंदों में विस्फोटक अर्धशतक लगाया और अपनी टीम को हैदराबाद के खिलाफ एकतरफा जीत दिलाई। उनकी इस पारी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वह अब भी टी20 फॉर्मेट के सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में से एक हैं।
कप्तानी डेब्यू में पृथ्वी का धमाका
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के इस मुकाबले में पृथ्वी शॉ पहली बार महाराष्ट्र की कप्तानी कर रहे थे। टीम के नियमित कप्तान रुतुराज गायकवाड़ को भारत की वनडे टीम में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज के लिए चुना गया था, जिसके चलते वह यह मैच नहीं खेल सके। उनकी गैरमौजूदगी में पृथ्वी को कप्तानी सौंपी गई और उन्होंने जिम्मेदारी को शानदार अंदाज में निभाया।
सलामी बल्लेबाज के रूप में मैदान पर उतरे पृथ्वी शॉ ने शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए। उन्होंने महज 23 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और कुल 66 रन बनाकर आउट हुए। अपनी इस विस्फोटक पारी में पृथ्वी ने 9 चौके और 3 शानदार छक्के लगाए। यह उनका महाराष्ट्र के लिए पहला टी20 अर्धशतक भी रहा।

पहले विकेट के लिए 117 रनों की साझेदारी
पृथ्वी शॉ ने ओपनिंग पार्टनर अर्शिन कुलकर्णी के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 117 रनों की बड़ी साझेदारी की। इस शानदार शुरुआत ने महाराष्ट्र की जीत की नींव रख दी। पृथ्वी को 66 रनों पर रक्षत रेड्डी ने आउट किया, लेकिन तब तक मुकाबला पूरी तरह से महाराष्ट्र के पक्ष में जा चुका था। दूसरी ओर, अर्शिन कुलकर्णी ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 54 गेंदों पर नाबाद 89 रन बनाए और अंत तक क्रीज पर टिके रहे। उनकी पारी में संयम और आक्रामकता का बेहतरीन मिश्रण देखने को मिला।
यह मुकाबला कोलकाता के जादवपुर यूनिवर्सिटी परिसर के मैदान पर खेला गया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी हैदराबाद की टीम ने 20 ओवर में 192 रन बनाए। दिलचस्प बात यह रही कि टीम के टॉप-8 बल्लेबाज दोहरे अंक में पहुंचे, लेकिन कोई भी बल्लेबाज 35 रन से ज्यादा नहीं बना सका। हैदराबाद के लिए कप्तान चामा मिलिंद सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उन्होंने 35 रनों की पारी खेली। महाराष्ट्र की ओर से जलज सक्सेना ने 2 विकेट लेकर गेंदबाजी में अहम योगदान दिया।
महाराष्ट्र ने 10 गेंद शेष रहते लक्ष्य किया हासिल
192 रनों के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करते हुए महाराष्ट्र की टीम ने शानदार बल्लेबाजी की और 10 गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया। पृथ्वी शॉ और अर्शिन कुलकर्णी की मजबूत शुरुआत के बाद राहुल त्रिपाठी ने 11 गेंदों पर 26 रनों की तेजतर्रार पारी खेलते हुए टीम को जीत की दहलीज पार कराई। महाराष्ट्र की इस जीत में कप्तान पृथ्वी शॉ की पारी निर्णायक साबित हुई, जिन्होंने शुरू से ही विपक्षी गेंदबाजों पर दबाव बना दिया था।










