श्रीलंका में दित्वा की तबाही, 46 की मौत; पीएम मोदी ने किया मदद का ऐलान

श्रीलंका में दित्वा की तबाही, 46 की मौत; पीएम मोदी ने किया मदद का ऐलान

चक्रवाती तूफान दित्वा से श्रीलंका में भारी तबाही हुई, जहां 46 लोगों की मौत और कई जिले जलमग्न हो गए। पीएम मोदी ने गहरी संवेदना जताते हुए ऑपरेशन सागर बंधु के तहत तत्काल राहत भेजी। तूफान अब भारत के तटीय राज्यों की ओर बढ़ रहा है।

Cyclone Ditwah: चक्रवाती तूफान दित्वा से श्रीलंका में भारी बारिश हुई है जिससे गंभीर तबाही हुई है। श्रीलंका में 46 लोगों की मौत हो गई है और 23 लोग लापता हैं। कई जिले पूरी तरह जलमग्न हो गए हैं। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि आने वाले घंटों में तूफान और तेज हो सकता है। तूफान अब भारत के तटीय राज्यों की ओर बढ़ रहा है।

श्रीलंका के आपदा प्रबंधन केंद्र ने बताया कि चाय उत्पादक जिले बादुल्ला में रात में भूस्खलन हुआ। कई घर बह गए और 21 लोगों की मौत हो गई। भूस्खलन और तेज बारिश के कारण लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया जा रहा है।

पीएम मोदी ने जताया दुख

श्रीलंका में आई इस आपदा को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि दित्वा तूफान की वजह से जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति उनकी सहानुभूति है। उन्होंने प्रभावित परिवारों की सुरक्षा और जल्दी ठीक होने की प्रार्थना की है।

भारत ने घोषित की तात्कालिक मदद

पीएम मोदी ने कहा कि भारत अपने सबसे करीबी समुद्री पड़ोसी के साथ खड़ा है। उन्होंने बताया कि भारत ने ऑपरेशन सागर बंधु के तहत तुरंत राहत सामग्री और जरूरी HADR सपोर्ट श्रीलंका भेजा है। पीएम मोदी ने कहा कि हालात में बदलाव के साथ भारत और मदद देने के लिए तैयार है। यह सहायता भारत की नेबरहुड फर्स्ट पॉलिसी और विजन MAHASAGAR के अनुसार दी जा रही है।

श्रीलंका में आई यह आपदा हाल के वर्षों में सबसे गंभीर मौसम घटनाओं में से एक है। आपदा प्रबंधन केंद्र ने बताया कि 43,991 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। इनमें वे परिवार भी शामिल हैं जिन्हें बढ़ते जलस्तर के कारण छतों से बचाया गया है। स्कूलों और सार्वजनिक आश्रय स्थलों में लोगों के लिए व्यवस्था की गई है।

खतरे का दायरा भारत तक

अधिकांश मौतें भूस्खलन के कारण हुई हैं क्योंकि एक दिन में पूर्वी और मध्य क्षेत्रों में 300 मिमी से अधिक बारिश हुई है। तूफान दित्वा भारत के तटीय इलाकों पर भी असर डाल सकता है। चेन्नई स्थित आईएमडी के क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने तमिलनाडु के कई जिलों में तीन घंटे का येलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही पुडुचेरी और दक्षिणी आंध्र प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश और आंधी तूफान का अलर्ट जारी किया गया है।

भारत के तटीय राज्यों के लिए चेतावनी

तूफान के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए भारत के तटीय क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। मौसम विभाग का कहना है कि मौसम तेजी से बदल सकता है। तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।

Leave a comment