इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का 19वां सीजन काफी हंगामेदार होने के संकेत दे रहा है। एक तरफ IPL 2026 के प्लेयर्स ऑक्शन से पहले ट्रेड विंडो के दौरान संजू सैमसन की ट्रेडिंग को लेकर काफी विवाद रहा, वहीं दूसरी ओर IPL 2025 की चैंपियन टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के मालिकों ने टीम बेचने की घोषणा कर सभी को चौंका दिया।
स्पोर्ट्स न्यूज़: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 से पहले क्रिकेट जगत में बड़ी हलचल देखने को मिल रही है। पहले IPL 2025 की चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की बिक्री की पुष्टि हुई और अब खबर है कि एक और बड़ी फ्रेंचाइजी राजस्थान रॉयल्स (RR) भी नए मालिकों के हाथ जा सकती है। इस सनसनीखेज दावे को बिजनेसमैन हर्ष गोयनका ने सार्वजनिक रूप से सामने रखा है, जो लखनऊ सुपर जायंट्स के मालिक संजीव गोयनका के बड़े भाई हैं।
इस खबर के सामने आने के बाद IPL 2026 को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं। खास बात यह है कि राजस्थान रॉयल्स टीम का सीधा संबंध संजू सैमसन से है, जो पिछले कई सालों से इस फ्रेंचाइजी के कप्तान रहे हैं और टीम की पहचान बन चुके हैं।
हर्ष गोयनका के ट्वीट से मचा हड़कंप
हर्ष गोयनका ने गुरुवार शाम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा,
'मैंने सुना है कि अब एक नहीं बल्कि दो आईपीएल टीमें—RCB और RR बिक रही हैं। इससे साफ है कि लोग मौजूदा ऊंचे वैल्यूएशन पर कैश करना चाहते हैं। अब बिक्री के लिए दो टीमें हैं और 4-5 संभावित खरीदार लाइन में हैं। ये खरीदार पुणे, अहमदाबाद, मुंबई, बेंगलुरु या फिर अमेरिका से भी हो सकते हैं।'
इस ट्वीट में अमेरिका का जिक्र सबसे ज्यादा चर्चा में रहा है। इससे यह अटकलें तेज हो गई हैं कि राजस्थान रॉयल्स को खरीदने वाला कोई संभावित निवेशक अमेरिका से हो सकता है। हालांकि, इस बारे में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
राजस्थान रॉयल्स का वर्तमान मालिक कौन है?

फिलहाल, राजस्थान रॉयल्स की प्रमुख हिस्सेदारी रॉयल्स स्पोर्ट्स ग्रुप के पास है, जो एमर्जिंग मीडिया स्पोर्टिंग होल्डिंग्स लिमिटेड के तहत काम करता है। इस समूह के पास टीम में लगभग 65 प्रतिशत हिस्सेदारी है। इसके अलावा, लाचलन मर्डोक, रेडबर्ड कैपिटल पार्टनर्स के पास भी फ्रेंचाइजी में कुछ हिस्सेदारी मौजूद है।
साल 2009 में बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी और उनके पति राज कुंद्रा ने भी राजस्थान रॉयल्स में करीब 12 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदी थी। हालांकि, इस बात को लेकर स्पष्टता नहीं है कि उनके पास फिलहाल कोई शेयर बचा है या नहीं। हर्ष गोयनका के दावे के बावजूद यह अब तक साफ नहीं हो पाया है कि राजस्थान रॉयल्स का प्रबंधन टीम की वैल्यू कितनी मान रहा है और बिक्री की प्रक्रिया किस चरण में है।
संजू सैमसन से क्यों जुड़ा है यह मामला?
राजस्थान रॉयल्स का नाम आते ही सबसे पहले संजू सैमसन का चेहरा सामने आता है। वह कई वर्षों से टीम के कप्तान हैं और उनके नेतृत्व में RR ने कई यादगार प्रदर्शन किए हैं। IPL 2026 से पहले ट्रेड विंडो के दौरान संजू सैमसन की ट्रेडिंग को लेकर भी काफी विवाद हुआ था, जिसने पहले ही राजस्थान रॉयल्स को सुर्खियों में ला दिया था।
अगर टीम की बिक्री होती है तो इसका असर कप्तानी, टीम मैनेजमेंट और खिलाड़ी रिटेंशन पॉलिसी पर भी पड़ सकता है। ऐसे में संजू सैमसन का भविष्य भी चर्चा का विषय बन गया है।









