पश्चिमी जापान के शिमानो प्रांत में 6.4 तीव्रता का भूकंप आया। सुबह आए झटकों से लोग घरों से बाहर निकल आए। आफ्टरशॉक्स भी महसूस हुए। चार लोगों के घायल होने की सूचना है।
Japan: जापान एक बार फिर तेज भूकंप की चपेट में आ गया है। मंगलवार को पश्चिमी जापान के शिमानो प्रांत में 6.4 तीव्रता का भूकंप आया, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। अचानक आए तेज झटकों से लोग घरों और दफ्तरों से बाहर निकल आए। कई जगह अफरा तफरी का माहौल देखने को मिला और कुछ लोगों के घायल होने की खबर भी सामने आई।
सुबह आए तेज झटके
जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (Japan Meteorological Agency – JMA) के अनुसार, यह भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह 10.18 बजे आया। भूकंप की गहराई करीब 10 किलोमीटर मापी गई, जिसकी वजह से झटके काफी तेज महसूस किए गए। कम गहराई पर आए भूकंप आमतौर पर ज्यादा नुकसान पहुंचाते हैं, इसलिए लोगों में डर का माहौल बन गया।
कहां था भूकंप का केंद्र
JMA ने बताया कि भूकंप का केंद्र 35.3 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 133.2 डिग्री पूर्वी देशांतर पर स्थित था। यह इलाका शिमानो प्रांत के आसपास आता है। भूकंप के झटके सिर्फ शिमानो तक सीमित नहीं रहे, बल्कि आसपास के क्षेत्रों में भी इन्हें महसूस किया गया। कई लोगों ने बताया कि जमीन कुछ सेकंड तक जोर से कांपती रही।
लगातार आए आफ्टरशॉक्स
मुख्य भूकंप के बाद इलाके में आफ्टरशॉक्स ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी। स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 10.28 बजे 5.1 तीव्रता का झटका महसूस किया गया। इसके कुछ ही मिनट बाद 10.37 बजे 5.4 तीव्रता का एक और झटका आया। इन दो झटकों के बाद लोग और ज्यादा सहम गए और कई परिवार सुरक्षित जगहों की ओर जाने लगे।
घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाया
शिमानो प्रांत के मात्सुए शहर से सबसे ज्यादा असर की खबर सामने आई है। यहां भूकंप के दौरान गिरने और अन्य हादसों में चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। राहत की बात यह रही कि किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। प्रशासन ने बताया कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
प्रशासन और राहत एजेंसियां अलर्ट
भूकंप के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन, फायर डिपार्टमेंट और आपदा प्रबंधन एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं। इमारतों, सड़कों और पुलों की जांच शुरू कर दी गई। अब तक किसी बड़े नुकसान या इमारत गिरने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि, अधिकारियों ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की अपील की है।











