नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए तीन बड़े मौके सामने आए हैं। स्पेन के स्कूलों में भारतीय युवाओं को अंग्रेजी भाषा से जुड़े काम का अवसर मिल रहा है। वहीं UPSSSC लेखपाल मेंस परीक्षा की तारीख घोषित हो गई है और पंजाब पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती के तहत 3 हजार से अधिक पदों पर आवेदन शुरू होने वाले हैं।
Job Alert 2026: देश और विदेश में नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए इस समय कई अहम अवसर सामने आए हैं। स्पेन का शिक्षा मंत्रालय स्कूलों में अंग्रेजी भाषा गतिविधियों के लिए भारतीय युवाओं को शामिल कर रहा है, जहां चयनित उम्मीदवारों को मासिक स्टाइपेंड भी मिलेगा। वहीं उत्तर प्रदेश में UPSSSC ने लेखपाल मेंस परीक्षा 21 मई 2026 को आयोजित करने की घोषणा की है। इसके साथ ही पंजाब पुलिस ने 3 हजार से अधिक कॉन्स्टेबल पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है, जिनके लिए ऑनलाइन आवेदन 10 मार्च से शुरू होंगे। यह अपडेट सरकारी नौकरी और विदेशी अनुभव की तलाश कर रहे उम्मीदवारों के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
स्पेन में भारतीय युवाओं के लिए सुनहरा मौका
विदेश में काम करने का सपना देखने वाले युवाओं के लिए स्पेन में एक खास अवसर सामने आया है। स्पेन का शिक्षा मंत्रालय Language and Culture Assistant Program के तहत स्कूलों में अंग्रेजी भाषा से जुड़ी गतिविधियों में सहयोग करने के लिए युवाओं का चयन कर रहा है।
इस कार्यक्रम के तहत चयनित उम्मीदवार शिक्षकों की मदद करेंगे और छात्रों को अंग्रेजी भाषा से संबंधित गतिविधियों में सहयोग देंगे। खास बात यह है कि आवेदन के लिए किसी प्रकार की फीस नहीं रखी गई है। चयनित प्रतिभागियों को हर महीने लगभग 800 से 1000 यूरो तक स्टाइपेंड भी मिलेगा, जिससे उन्हें अंतरराष्ट्रीय अनुभव के साथ आर्थिक लाभ भी मिलेगा।

UPSSSC लेखपाल मेंस परीक्षा की तारीख घोषित
उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने लेखपाल भर्ती की मुख्य परीक्षा की तारीख घोषित कर दी है।
आयोग के अनुसार लेखपाल मेंस परीक्षा 21 मई 2026 को आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा एक ही शिफ्ट में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी। इस परीक्षा में वही उम्मीदवार शामिल हो सकेंगे जिन्होंने UP PET परीक्षा पास की है और तय कटऑफ पार की है। परीक्षा से पहले एडमिट कार्ड और एग्जाम सिटी स्लिप आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे।
पंजाब पुलिस में कॉन्स्टेबल के हजारों पद
सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए Punjab Police Constable Recruitment 2026 भी बड़ा अवसर लेकर आई है। पंजाब पुलिस ने कॉन्स्टेबल के 3,000 से अधिक पदों पर भर्ती की घोषणा की है और इसके लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया गया है।
इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन 10 मार्च से शुरू होंगे। आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं पास तय की गई है, जबकि एक्स-सर्विसमैन उम्मीदवारों के लिए 10वीं पास योग्यता मान्य है। उम्मीदवारों की उम्र 18 से 28 वर्ष के बीच होनी चाहिए। चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा के साथ फिजिकल टेस्ट भी शामिल होगा।










