कैंसर से जूझ रही माँ ने बेटे-बेटी के गले में कील घोंपकर की हत्या, पति को कॉल कर दी जानकारी

कैंसर से जूझ रही माँ ने बेटे-बेटी के गले में कील घोंपकर की हत्या, पति को कॉल कर दी जानकारी

मांडलगढ़ के मानपुरा गांव में कैंसर से पीड़ित महिला ने अपने दो बच्चों की हत्या कर खुद भी आत्महत्या की कोशिश की। महिला का इलाज जारी है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Rajasthan: मांडलगढ़ थाना क्षेत्र के मानपुरा गांव में रविवार सुबह एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। गांव की रहने वाली संजू देवी (35) ने अपनी 12 साल की बेटी नेहा और 7 साल के बेटे भैरू की बेरहमी से हत्या कर दी। इसके बाद महिला ने खुद भी जहर खा लिया।

जब पड़ोसी घर के भीतर पहुंचे, तो फर्श पर खून फैला हुआ था। दोनों बच्चों के शव जमीन पर पड़े थे, जबकि संजू देवी गंभीर हालत में तड़प रही थी।

पति को कॉल कर दी हत्या की जानकारी

पुलिस के अनुसार, घटना के बाद संजू देवी ने अपने पति राजू तेली को फोन किया और बताया कि उसने दोनों बच्चों को मार दिया है और अब खुद भी जहर खा रही है। यह सुनते ही पति घबरा गया और उसने तुरंत पड़ोसियों को फोन कर घर जाकर देखने को कहा।

पड़ोसियों ने छत के रास्ते घर में प्रवेश किया, जहां का दृश्य देखकर सभी सन्न रह गए। बच्चों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। संजू देवी को तुरंत मांडलगढ़ अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे भीलवाड़ा रेफर कर दिया गया।

कारणों की जांच में जुटी पुलिस

फिलहाल संजू देवी भीलवाड़ा अस्पताल में भर्ती है और उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, वह अभी होश में नहीं है। पुलिस का कहना है कि महिला के बयान के बाद ही घटना के पीछे की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी।

मांडलगढ़ थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या बीमारी के कारण महिला मानसिक तनाव में थी।

परिजनों को नहीं हो रहा यकीन

संजू देवी के चचेरे भाई नारायण तेली ने बताया कि संजू एक समझदार महिला थी और अपने बच्चों से बहुत प्यार करती थी। परिवार में किसी तरह का झगड़ा या परेशानी नहीं थी।

परिजनों के अनुसार, संजू पिछले कुछ समय से बीमार थी और उसे कैंसर की बीमारी भी थी। इसी वजह से वह तनाव में जरूर रहती थी, लेकिन ऐसा कदम उठाएगी, यह किसी ने नहीं सोचा था।

सोशल मीडिया पर बच्चों के साथ रहती थी सक्रिय

संजू देवी सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय थी। वह अक्सर बेटी नेहा और बेटे भैरू के वीडियो इंस्टाग्राम पर साझा करती थी। बच्चों के साथ डांस, खेल और पारिवारिक पलों के कई वीडियो उसके अकाउंट पर मौजूद हैं।

वह बेटी को सजाने-संवारने का शौक रखती थी और बेटे के साथ वीडियो बनाती थी। यही वजह है कि पूरा मोहल्ला और परिवार इस घटना से हैरान है कि बच्चों से इतना प्यार करने वाली मां ऐसा कदम कैसे उठा सकती है।

Leave a comment