नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) ने 17 साल की महिला शूटर के साथ यौन शोषण के आरोप लगने के बाद नेशनल शूटिंग कोच अंकुश भारद्वाज को सस्पेंड कर दिया है।
Who is Ankush Bharadwaj: भारतीय खेल जगत एक बार फिर गंभीर आरोपों के कारण सुर्खियों में है। नेशनल शूटिंग कोच अंकुश भारद्वाज पर 17 वर्षीय महिला शूटर ने यौन शोषण के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पीड़िता के परिवार ने हरियाणा पुलिस में FIR दर्ज कराई है, जिसके बाद जांच प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
यह मामला सामने आने के बाद खेल जगत में हलचल मच गई है और लोग यह जानना चाह रहे हैं कि आखिर अंकुश भारद्वाज कौन हैं, उनका करियर कैसा रहा है और वे किन-किन विवादों से जुड़े रहे हैं।
क्या हैं आरोप?
FIR के अनुसार, यह कथित घटना हरियाणा के फरीदाबाद स्थित सूरजकुंड इलाके के एक होटल में हुई। पीड़िता का आरोप है कि कोच अंकुश भारद्वाज ने उसे “परफॉर्मेंस रिव्यू” के बहाने होटल के कमरे में बुलाया और वहां उसका यौन उत्पीड़न किया। पीड़िता की मां ने पुलिस को दिए बयान में यह भी दावा किया है कि एक अन्य महिला शूटर के साथ भी इसी तरह की घटना हो चुकी है। हालांकि, इन आरोपों की जांच अभी जारी है और फिलहाल ये सभी आरोप कानूनी जांच के दायरे में हैं।
मामले के सार्वजनिक होते ही NRAI ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अंकुश भारद्वाज को सस्पेंड कर दिया। संस्था ने स्पष्ट किया है कि वह खिलाड़ियों की सुरक्षा और गरिमा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है और जांच पूरी होने तक आरोपी को किसी भी आधिकारिक गतिविधि से दूर रखा जाएगा।

कौन हैं अंकुश भारद्वाज? (Who is Ankush Bharadwaj)
अंकुश भारद्वाज भारत के जाने-माने राष्ट्रीय स्तर के पिस्टल शूटिंग कोच रहे हैं। वे मूल रूप से हरियाणा के अंबाला के निवासी हैं।
शुरुआती करियर
- उन्होंने 2005 में NCC कैंप के जरिए निशानेबाजी की शुरुआत की।
- प्रशिक्षण के लिए वे देहरादून स्थित जसपाल राणा इंस्टीट्यूट ऑफ शूटिंग एंड स्पोर्ट्स गए।
- यहां उन्हें प्रसिद्ध निशानेबाज जसपाल राणा के छोटे भाई सुभाष राणा से कोचिंग मिली।
खेल उपलब्धियां
- 2007: आगरा में आयोजित ऑल इंडिया जी.वी. मावलंकर शूटिंग चैंपियनशिप में तीन स्वर्ण पदक
- 2008: पुणे में आयोजित कॉमनवेल्थ यूथ गेम्स में 50 मीटर पिस्टल इवेंट में गोल्ड मेडल
इस प्रदर्शन के बाद वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चित नाम बन गए. अंकुश भारद्वाज का करियर 2010 में उस समय विवादों में आ गया, जब जर्मनी के सुहल में आयोजित एक जूनियर प्रतियोगिता के दौरान उनका डोप टेस्ट पॉजिटिव पाया गया।










