ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्ला अली खामनेई को अमेरिकी और इजरायली हमले में मौत की खबरें मिलीं। आधिकारिक पुष्टि नहीं, शव और अंतिम संस्कार अज्ञात। तेहरान की चुप्पी ने मिडिल ईस्ट और वैश्विक सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Iran Update: ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्ला अली खामनेई को लेकर अंतरराष्ट्रीय मीडिया में कई सनसनीखेज रिपोर्ट्स सामने आई हैं। दावा किया जा रहा है कि अमेरिकी और इजरायली हमले में उनकी मौत हो गई है। हालांकि 48 घंटे से ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी ना तो उनका शव सामने आया है, ना ही अंतिम संस्कार को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी दी गई है। इस चुप्पी ने मिडिल ईस्ट की राजनीति और वैश्विक सुरक्षा परिस्थितियों में और सवाल खड़े कर दिए हैं।
कुछ रिपोर्ट्स में बताया गया कि हमले के समय खामनेई अपने सरकारी आवास में बैठक कर रहे थे और हमले में मौके पर ही उनकी मौत हो गई। इसके बावजूद ईरान की ओर से इस दावे की कोई औपचारिक पुष्टि नहीं की गई। विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसी घटनाओं में आधिकारिक बयान बेहद महत्वपूर्ण होते हैं और फिलहाल तेहरान की चुप्पी कई कयासों को जन्म दे रही है।
शव और तस्वीरों को लेकर कयास
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया गया कि हमले के बाद मलबे से खामनेई का शव निकाला गया और उसकी तस्वीर ली गई। कहा जा रहा है कि इस तस्वीर को अमेरिकी प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप और इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को दिखाई गई। हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो पाई है। ना तो अमेरिका ने आधिकारिक तौर पर कोई तस्वीर जारी की और ना ही इजराइल ने कोई स्पष्ट बयान दिया। ऐसे में यह मामला फिलहाल कयास और अफवाहों के दायरे में ही बना हुआ है।

प्रसिद्ध फिल्म वेलकम में फिरोज खान के डायलॉग ‘अभी हम जिंदा हैं’ के तर्ज पर सोशल मीडिया पर खामनेई को लेकर कई तरह की कांस्पिरेसी थ्योरी वायरल हो रही हैं। लोग सवाल उठा रहे हैं कि अगर यह खबर सच है तो उनका शव आखिर कहां है और अंतिम संस्कार कब होगा।
ईरान की चुप्पी: रणनीति या मजबूरी
ईरान के सुप्रीम लीडर सिर्फ राजनीतिक प्रमुख नहीं हैं बल्कि धार्मिक और वैचारिक प्रतीक भी हैं। इसलिए उनके संभावित निधन की सूचना पर देश और दुनिया दोनों में संवेदनशील प्रतिक्रिया हो सकती है।
विशेषज्ञ मानते हैं कि ईरान सुरक्षा कारणों या उत्तराधिकार की प्रक्रिया पूरी होने तक जानकारी रोक रहा हो सकता है। युद्ध या संघर्ष की स्थिति में अंतिम संस्कार को सार्वजनिक रूप से करना जोखिम भरा हो सकता है। गैर-आधिकारिक चर्चाओं में दो स्थानों का नाम सामने आया है। पहला, तेहरान, जहां पहले सुप्रीम लीडर रूहुल्ला खुमैनी को दफनाया गया था। दूसरा, मशहद, जिसे शिया समुदाय के लिए पवित्र माना जाता है।
कुछ विश्लेषक यह भी मान रहे हैं कि खामनेई का अंतिम संस्कार जंग की परिस्थितियों में देरी से हो सकता है। मिडिल ईस्ट में कई बार बड़े नेताओं के अंतिम संस्कार सुरक्षा कारणों से समय लेकर आयोजित किए गए हैं। उदाहरण के लिए हिज्बुल्लाह प्रमुख हसन नसरुल्लाह के अंतिम संस्कार में समय और स्थान को लेकर सख्त सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। ऐसे में ईरान की देरी असामान्य नहीं मानी जा सकती।











