टीवी के सबसे लोकप्रिय कपल्स में शामिल करण कुंद्रा और तेजस्वी प्रकाश एक बार फिर अपने रिश्ते को लेकर चर्चा में हैं। जहां फैंस लंबे समय से दोनों की शादी की खबर का इंतजार कर रहे हैं।
Laughter Chefs 2: टीवी के सबसे चहेते कपल्स में शामिल करण कुंद्रा और तेजस्वी प्रकाश एक बार फिर अपनी शादी की चर्चा को लेकर सुर्खियों में हैं। लंबे समय से फैंस इस जोड़ी की शादी का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे, और अब कॉमेडी रियलिटी शो लाफ्टर शेफ्स 2 में कुछ ऐसा हुआ, जिसने इस उम्मीद को और भी मजबूत कर दिया।
दरअसल, शो के हालिया एपिसोड में गुरु पूर्णिमा के मौके पर पंडितों को आमंत्रित किया गया था। इस एपिसोड में सभी कंटेस्टेंट्स जहां पारंपरिक व्यंजन बना रहे थे, वहीं शो के होस्ट और कॉमेडियन कृष्णा अभिषेक ने एक ऐसा मजाक कर डाला, जिसने करण और तेजस्वी की शादी की अटकलों को हवा दे दी।
कृष्णा ने किया शादी का जिक्र, पंडितों ने भी दिया मजेदार जवाब
- प्रोमो में दिखा कि कृष्णा अभिषेक ने पंडितों से मजाकिया अंदाज में कहा, ये करण हैं, अब शादी करने जा रहा है।
- इस पर पंडित जी ने तुरंत जवाब दिया कि, शादी के बिना जीवन अधूरा है।
- फिर कृष्णा ने चुटकी लेते हुए कहा, अगर एक शादी से जीवन अधूरा है, तो तीन-चार कर लेनी चाहिए?
- इस पर पंडित जी ने हंसते हुए कहा, नहीं-नहीं, शादी केवल एक ही बार होनी चाहिए।
- इस मजाकिया बातचीत ने सेट पर सभी को हंसने पर मजबूर कर दिया, लेकिन दर्शकों ने इसे सीरियसली लेते हुए करण-तेजस्वी की शादी का इशारा मान लिया।
फैंस ने कहा- जल्दी शादी कर लो
प्रोमो रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर तेजरन फैंस का उत्साह देखने लायक था। किसी ने लिखा, तेजरन की शादी जल्दी होनी चाहिए, अब इंतजार नहीं होता।तो किसी ने उन्हें परफेक्ट कपल बताते हुए नजर न लगने की दुआ की। फैंस अब उम्मीद कर रहे हैं कि करण और तेजस्वी जल्द ही इस रिश्ते पर कोई आधिकारिक ऐलान करेंगे।
इसी बीच शो के फिनाले एपिसोड की चर्चा भी जारी है। रिपोर्ट्स की मानें तो करण कुंद्रा और यूट्यूबर एल्विश यादव की जोड़ी इस सीजन की विनर बनी है। वहीं अली गोनी और रीम शेख को दूसरा स्थान और राहुल वैद्य-रुबीना दिलैक की जोड़ी को तीसरा स्थान मिला है। शो को शेफ हरपाल सिंह सोखी ने जज किया और भारती सिंह ने होस्ट किया।
क्या जल्द बजेंगी शहनाइयां?
करण कुंद्रा और तेजस्वी प्रकाश का रिश्ता बिग बॉस 15 के दौरान शुरू हुआ था, और तब से ही यह कपल दर्शकों का फेवरेट बना हुआ है। दोनों अक्सर साथ नजर आते हैं और सोशल मीडिया पर एक-दूसरे के लिए प्यार जताते रहते हैं। हालांकि, शादी को लेकर अब तक कोई ऑफिशियल स्टेटमेंट नहीं आया, लेकिन कृष्णा अभिषेक के इस बयान के बाद लग रहा है कि दोनों इस रिश्ते को जल्द नाम दे सकते हैं।
करण-तेजस्वी का रिश्ता क्यों है खास?
करण और तेजस्वी की जोड़ी को फैंस इसलिए भी पसंद करते हैं क्योंकि दोनों के बीच जबरदस्त केमिस्ट्री देखने को मिलती है। बिग बॉस 15 में शुरू हुई उनकी दोस्ती कब प्यार में बदल गई, किसी को पता ही नहीं चला। शो के बाद भी दोनों साथ में कई म्यूजिक वीडियो और पब्लिक अपीयरेंस में नजर आते रहे हैं, जिससे फैंस के बीच इनकी पॉपुलैरिटी और भी बढ़ गई।
कृष्णा अभिषेक के बयान ने भले ही यह स्पष्ट नहीं किया कि करण और तेजस्वी की शादी कब होगी, लेकिन इतना जरूर है कि फैंस के दिलों में फिर से उम्मीद जाग गई है। सोशल मीडिया पर लगातार लोग दोनों को बधाइयां दे रहे हैं और कह रहे हैं कि अब देर मत करो, जल्दी शादी कर लो।