Pune

'कुंवारी पत्नी' विवाद पर प्रियंका चोपड़ा की सख्त प्रतिक्रिया: बोलीं- 'यह मेरी आवाज नहीं, ऑनलाइन फेक कंटेंट से रहें सतर्क'

'कुंवारी पत्नी' विवाद पर प्रियंका चोपड़ा की सख्त प्रतिक्रिया: बोलीं- 'यह मेरी आवाज नहीं, ऑनलाइन फेक कंटेंट से रहें सतर्क'

सोशल मीडिया पर इन दिनों एक पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें दावा किया गया है कि अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने मर्दों को यह सलाह दी है कि पत्नी चुनते समय कुंवारेपन (virginity) को महत्व न दें।

Priyanka Chopra On Virgin Wife: बॉलीवुड से हॉलीवुड तक अपनी दमदार पहचान बना चुकीं ग्लोबल आइकन प्रियंका चोपड़ा जोनस एक बार फिर से सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह उनके किसी बयान से जुड़ा विवाद है, जो उन्होंने खुद ‘फर्जी’ बताया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक पोस्ट को लेकर प्रियंका को अपनी इंस्टा स्टोरी के माध्यम से सफाई देनी पड़ी। 

दरअसल, एक फेक पोस्ट में दावा किया गया कि प्रियंका ने मर्दों को सलाह दी है कि वे कुंवारी दुल्हन के बजाय अच्छी आदतों वाली पत्नी ढूंढें। प्रियंका ने इस बयान को खारिज करते हुए इसे झूठ और भ्रामक बताया।

क्या है पूरा मामला?

कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर एक कोटेशन तेजी से वायरल हो रही थी, जिसमें लिखा गया कि प्रियंका चोपड़ा ने कहा है: कुंवारी दुल्हन न ढूंढें। अच्छी आदत वाली दुल्हन ढूंढें। क्योंकि कुंवारापन एक रात में खत्म हो जाता है, लेकिन अच्छी आदतें हमेशा रहती हैं। इस कथित बयान को लेकर कुछ लोग प्रियंका की तारीफ करते नजर आए, तो कई ने इस पर नाराजगी भी जताई। जैसे-जैसे पोस्ट वायरल हुई, प्रियंका को खुद सामने आकर इस पर अपनी चुप्पी तोड़नी पड़ी।

प्रियंका चोपड़ा की सख्त सफाई

प्रियंका ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर उस वायरल पोस्ट का स्क्रीनशॉट शेयर किया और साफ शब्दों में कहा: यह मेरी कही हुई बात नहीं है, न ही मेरी आवाज है। सिर्फ इसलिए कि यह ऑनलाइन है, इसका मतलब यह सच नहीं है। फेक कंटेंट बनाना अब वायरल होने का आसान तरीका बन गया है। प्रियंका ने यह भी कहा कि इंटरनेट पर किसी भी बात पर आंख मूंदकर भरोसा न करें। यह फर्जी उद्धरण उनके नाम से फैलाया गया है, जिससे उनकी छवि को नुकसान पहुंच सकता है।

प्रियंका ने अपने फॉलोअर्स और फैंस से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर साझा की गई किसी भी जानकारी को सत्यापित किए बिना उस पर विश्वास न करें। उन्होंने कहा: हर लिंक भरोसेमंद नहीं होती। किसी भी पोस्ट को शेयर करने या उस पर विश्वास करने से पहले जांच जरूर करें। सोशल मीडिया पर मौजूद हर चीज सही नहीं होती।

वर्कफ्रंट पर व्यस्त हैं प्रियंका

विवादों से इतर अगर प्रियंका के वर्कफ्रंट की बात करें, तो वे जल्द ही अमेज़न प्राइम वीडियो की फिल्म "Heads of State" में नजर आने वाली हैं। इस फिल्म में अमेरिकी राष्ट्रपति और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री की कहानी को मनोरंजक अंदाज में दिखाया जाएगा। फिल्म 2 जुलाई 2025 को रिलीज होगी। इसमें प्रियंका के साथ हॉलीवुड के पॉपुलर एक्टर जॉन सीना और इदरिस एल्बा भी नजर आएंगे।

प्रियंका चोपड़ा न सिर्फ एक सफल एक्ट्रेस हैं, बल्कि यूनिसेफ की गुडविल एंबेसडर, सामाजिक कार्यकर्ता और एक प्रभावशाली महिला नेता के रूप में भी जानी जाती हैं। ऐसे में उनके नाम से किसी झूठे बयान का प्रचार किया जाना न सिर्फ गैर-जिम्मेदाराना है, बल्कि यह उनके अंतरराष्ट्रीय कद को भी प्रभावित कर सकता है।

Leave a comment