Columbus

क्या भगवंत मान की कुर्सी पर संकट? अमन अरोड़ा पर CM बनने की चाह का आरोप

क्या भगवंत मान की कुर्सी पर संकट? अमन अरोड़ा पर CM बनने की चाह का आरोप

पंजाब कांग्रेस की शहीदी कॉन्फ्रेंस में बड़ा राजनीतिक बयान। वडिंग ने दावा किया कि अमन अरोड़ा मुख्यमंत्री बनना चाहते हैं। बाजवा ने भगवंत मान पर अनुभवहीन होने का आरोप लगाया।

Punjab: लुधियाना के ईसड़ू में आयोजित कांग्रेस की शहीदी कॉन्फ्रेंस में पार्टी नेताओं ने शहीद करनैल सिंह को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजा वडिंग ने बड़ा बयान देते हुए दावा किया कि आम आदमी पार्टी में भगवंत मान को हटाकर अमन अरोड़ा मुख्यमंत्री बनना चाहते हैं।

शहीदी कॉन्फ्रेंस से उठी बड़ी राजनीतिक चर्चा

पंजाब कांग्रेस ने गोवा की आजादी के शहीद करनैल सिंह की याद में ईसड़ू (लुधियाना) में शहीदी कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया। इसे संविधान बचाओ रैली का नाम भी दिया गया। इस कार्यक्रम में पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग, विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा, पूर्व मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा, पूर्व मंत्री गुरकीरत सिंह कोटली और काका रणदीप सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

कांग्रेस नेताओं ने करनैल सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। राजा वडिंग ने कहा कि कांग्रेस हमेशा शहीदों का सम्मान करती रही है और आगे भी करती रहेगी। उन्होंने कहा कि देश में अमन और शांति की स्थापना के लिए कांग्रेस ने कई बलिदान दिए हैं।

कांग्रेस का संदेश: शहीदों का सम्मान ही असली राजनीति

राजा वडिंग ने मीडिया से बातचीत में कहा कि कांग्रेस शहीदों को याद करने और उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने में विश्वास करती है। उन्होंने सरदार बेअंत सिंह और करनैल सिंह जैसे शहीदों का जिक्र करते हुए कहा कि आज हम आज़ाद हवा में सांस ले रहे हैं तो यह उन महान बलिदानों की वजह से संभव हुआ है।

कांग्रेस में सीएम की दौड़ पर वडिंग का बयान

जब मीडिया ने वडिंग से कांग्रेस में आपसी खींचतान और संभावित सीएम फेस को लेकर सवाल पूछा, तो उन्होंने कहा कि "पहले झाड़ू वाले अपनी पार्टी संभाल लें, हमारी बारी बाद में आएगी।" उनका इशारा आम आदमी पार्टी की तरफ था।

वडिंग ने बिना नाम लिए कहा कि पंजाब सरकार के मंत्री अमन अरोड़ा भी मुख्यमंत्री बनने की दौड़ में हैं और वह भगवंत मान को हटाकर खुद सीएम बनना चाहते हैं। हालांकि वडिंग ने साफ किया कि वह खुद न तो मुख्यमंत्री पद की दौड़ में हैं और न ही मंत्री बनने की महत्वाकांक्षा रखते हैं। उनका मकसद सिर्फ कांग्रेस को मजबूत करना और पंजाब में पार्टी की सरकार बनाना है।

प्रताप सिंह बाजवा ने साधा सीधा निशाना

विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने भी मंच से सीएम भगवंत मान और आम आदमी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भगवंत मान के पास सरकार चलाने का कोई अनुभव नहीं है। बाजवा ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी के नेता दिल्ली के आदेश पर चलते हैं और वही उनके असली फैसले लेते हैं।

उन्होंने कहा कि 2027 में अगर परमात्मा ने मेहर की तो कांग्रेस की सरकार बनेगी और उस समय किसी को छोड़ा नहीं जाएगा। उन्होंने यहां तक कहा कि अमृतसर और दिल्ली एयरपोर्ट पर पहले से इंतजाम होंगे ताकि जवाबदेही तय की जा सके।

रंधावा ने लैंड पूलिंग पर दी चेतावनी

पूर्व मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा ने पंजाब सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि मौजूदा प्रशासन ने राज्य को बर्बाद करने की योजना बनाई है। उन्होंने लैंड पूलिंग मामले का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार बनने के बाद इस योजना में शामिल चीफ सेक्रेटरी के खिलाफ पहला केस दर्ज होगा।

रंधावा ने कहा कि जो अधिकारी झूठे केस दर्ज कर रहे हैं, उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और उन्हें जेल भेजा जाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान को चुनौती दी कि अगर उनमें हिम्मत है तो वह कांग्रेस नेताओं पर केस दर्ज करें और जेल भेजकर दिखाएं।

Leave a comment