महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने वाशिम में स्थानीय निकाय चुनावों के बीच लाडकी बहीण योजना को लेकर बड़ा बयान दिया है। विपक्ष के यह आरोप कि सरकार यह योजना चुनावों के बाद बंद कर देगी, सीएम फडणवीस ने खारिज कर दिए।
CM Fadnavis on Ladki Bahin Yojana: महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में बीजेपी की अगुवाई वाले महायुति के लिए मुख्यमंत्री लाडकी बहीण योजना गेमचेंजर साबित हुई है। लंबे समय से इस योजना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी जारी रही है, और विपक्ष का कहना है कि सरकार स्थानीय निकाय चुनावों के बाद इसे बंद कर सकती है।
स्थानीय निकाय चुनावों के पहले चरण की वोटिंग से पहले मुख्यमंत्री फडणवीस ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि प्यारी बहनें अब सिर्फ लाडली बहनें ही नहीं रहेंगी, बल्कि करोड़पति बहनें बनेंगी। इस मौके पर उन्होंने यह भी घोषणा की कि अब तक 50 लाख लखपति दीदी बनाई जा चुकी हैं और आने वाले समय में 50 लाख और लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य है।
योजना के तहत महिलाओं को क्या मिलेगा
लाडकी बहीण योजना राज्य सरकार द्वारा कम आय वाले परिवारों की बेटियों और बहनों के लिए शुरू की गई है। इस योजना का लाभ पाने वाली महिलाओं के बैंक अकाउंट में हर महीने 1,500 रुपये जमा किए जाते हैं। हाल ही में सरकार ने इस राशि को बढ़ाकर 2,100 रुपये प्रति माह करने का वादा किया है। सीएम फडणवीस ने सभा में बताया कि अब तक 50 लाख महिलाएं इस योजना से लखपति बन चुकी हैं, और सरकार का लक्ष्य है कि अगले चरण में और 50 लाख महिलाओं को इस योजना का लाभ मिले।

योजना के अंतर्गत पात्र महिलाओं के लिए KYC प्रक्रिया अनिवार्य है। पात्र महिलाओं को 31 दिसंबर, 2025 तक KYC पूरा करना होगा। यदि कोई महिला KYC नहीं कराती है, तो उसे मिलने वाला वित्तीय लाभ रुक सकता है। पहले इस प्रक्रिया की अंतिम तारीख 18 नवंबर थी, जिसे बाद में बढ़ाकर 31 दिसंबर कर दिया गया।
इसके अलावा, योजना को शुरू करते समय कुछ शर्तें भी लगाई गई थीं, ताकि केवल असली लाभार्थियों को ही इसका फायदा मिले। इसके बावजूद कुछ गैर-लाभार्थी महिलाएं भी योजना का लाभ उठा रही थीं। इसे रोकने के लिए KYC प्रक्रिया को लागू किया गया है।
विपक्ष के आरोपों पर सीएम का जवाब
स्थानीय निकाय चुनावों से पहले महाविकास आघाड़ी के घटक दलों ने दावा किया था कि लाडकी बहीण योजना चुनाव के बाद बंद कर दी जाएगी। इस पर सीएम फडणवीस ने जवाब देते हुए कहा, "जब तक देवाभाऊ मुख्यमंत्री हैं, यह योजना निरंतर चलेगी। लाडली बहनें करोड़पति बहनें बनेंगी। फडणवीस ने यह भी कहा कि यह योजना महिलाओं को वित्तीय स्वतंत्रता और सशक्तिकरण देने के लिए लागू की गई है। उन्होंने इसे चुनावी अवसर पर जनता को खुश करने वाला कदम बताया।










