दिल्ली नगर निगम (MCD) के 12 वार्डों में होने वाले उपचुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी ने पूरी ताक़त झोंक दी है। पार्टी ने बूथ स्तर तक अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए चुनावी तैयारी को नए सिरे से व्यवस्थित किया है।
Delhi News: दिल्ली नगर निगम (MCD) के 12 वार्डों में होने वाले उपचुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी ने पूरी ताकत झोंक दी है। पार्टी ने बूथ स्तर पर मजबूत रणनीति तैयार की है, जिसमें कार्यकर्ता मतदाताओं तक पार्टी के दृष्टिकोण और विकास कार्यों की जानकारी पहुंचाएंगे और विरोधी दलों की कमजोरियों को उजागर करेंगे।
इस बार का उपचुनाव दिल्ली की राजनीति में खास महत्व रखता है, क्योंकि कई सीटें पिछले विधानसभा और लोकसभा चुनावों में भाजपा और आम आदमी पार्टी (AAP) द्वारा जीती गई थीं।
बूथ कार्यकर्ताओं को विशेष चुनावी किट
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने सभी 12 वार्डों के बूथ स्तर पर तैनात कार्यकर्ताओं को एक विशेष चुनावी किट सौंपी है। 'मजबूत दिल्ली कांग्रेस' लेबल वाली इस किट में वोटर लिस्ट, पम्पलेट, स्टिकर, कांग्रेस बिल्ला और बीजेपी एवं आम आदमी पार्टी की कमियों पर आधारित दस्तावेज शामिल हैं।इस मौके पर एआईसीसी के दिल्ली प्रभारी काजी निजामुद्दीन, बूथ कमेटी चेयरमैन राजेश गर्ग, जिला अध्यक्ष राज कुमार जैन, मोहम्मद उस्मान, जगजीवन शर्मा और अशोक जैन भी मौजूद रहे।
इस किट का उद्देश्य बूथ कार्यकर्ताओं को चुनाव प्रचार और मतदाताओं तक पहुंचने में मदद करना है, साथ ही उन्हें विपक्षी दलों की कमियों की जानकारी देने के लिए तैयार करना है।
मतदाताओं तक पहुंचने और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने की रणनीति
देवेंद्र यादव ने बताया कि कांग्रेस के बूथ कार्यकर्ता हर मतदाता तक जाकर कांग्रेस की विचारधारा और पूर्व सरकारों के विकास कार्यों को समझाएंगे। साथ ही, वे बीजेपी और आप सरकार की कमियों को भी लोगों के सामने रखेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी ने सभी वार्डों में बूथ कमेटियां गठित कर दी हैं और प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी स्पष्ट कर दी गई है। इससे चुनाव प्रचार में मजबूती आएगी और बूथ प्रबंधन अधिक प्रभावी होगा।
बूथ प्रबंधन कमेटियों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है ताकि वे अपने बूथ पर सतर्कता बनाए रखें और मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष बनाएं। यादव ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता “वोट चोरी” जैसी हेराफेरी से मतदाताओं को जागरूक करेंगे और चुनाव के दिन हर बूथ पर मौजूद रहकर बोगस वोटिंग रोकने में योगदान देंगे।

उपचुनाव की तारीखें और वार्ड सूची
राज्य निर्वाचन आयोग के नोटिफिकेशन के अनुसार, 30 नवंबर को सभी 12 सीटों पर मतदान होगा और नतीजे 3 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे। उपचुनाव में शामिल वार्ड हैं:
- मुंडका
- शालीमार बाग-बी
- अशोक विहार
- चांदनी चौक
- चांदनी महल
- द्वारका-बी
- दिचाऊं कलां
- नारायणा
- संगम विहार-ए
- दक्षिण पुरी
- ग्रेटर कैलाश
- विनोद नगर
इन सीटों के खाली होने की वजह पिछले विधानसभा और लोकसभा चुनाव में बीजेपी और आप नेताओं की जीत रही। उदाहरण के लिए, शालीमार बाग-बी से रेखा गुप्ता दिल्ली की मुख्यमंत्री बन गई हैं, जबकि द्वारका-बी से बीजेपी की कमलजीत सहरावत सांसद चुनी गईं।











