Meta ने Manus AI अधिग्रहित किया: एजेंट AI में हो सकता है बड़ा बदलाव

Meta ने Manus AI अधिग्रहित किया: एजेंट AI में हो सकता है बड़ा बदलाव

Meta ने Manus AI अधिग्रहित कर उन्नत ऑटोमेटेड AI एजेंट्स में अपनी पहुंच मजबूत कर ली है। Manus ऐसे AI सिस्टम बनाती है जो मार्केट रिसर्च, कोडिंग और डेटा एनालिसिस जैसे जटिल काम खुद से कर सकते हैं। अधिग्रहण से Meta के AI प्लेटफॉर्म और बिजनेस टूल्स में नई क्षमताएँ जुड़ेंगी।

Manus AI Acquisition Of Meta: Meta ने उभरती AI स्टार्टअप Manus AI को अधिग्रहित किया है, जो मार्केट रिसर्च, कोडिंग और बड़े डेटा के विश्लेषण में सक्षम उन्नत AI एजेंट्स बनाती है। यह डील Meta के AI प्लेटफॉर्म, बिजनेस टूल्स और Meta AI असिस्टेंट को अधिक ऑटोमेशन और स्मार्ट फैसले लेने की क्षमता देने के लिए की गई है। कंपनी का कहना है कि Manus की सब्सक्रिप्शन सर्विस जारी रहेगी और टीम Meta की AI इकाई में शामिल होगी।

Manus AI क्या है और क्यों खास

Manus AI ऐसे उन्नत AI एजेंट्स बनाती है जो कई चरणों वाले काम खुद से कर सकते हैं। ये एजेंट मार्केट रिसर्च, कोडिंग और बड़े डेटा का विश्लेषण करने में सक्षम हैं। कंपनी इस साल चर्चा में आई थी, जब उसके प्रमुख AI एजेंट ने कुछ मामलों में OpenAI के DeepResearch को पीछे छोड़ा। यह तकनीकी क्षमता Meta के लिए आकर्षण का मुख्य कारण बनी।

Manus का फोकस केवल जवाब देने तक सीमित नहीं है, बल्कि वास्तविक दुनिया में काम आने वाले ऑटोमेटेड एजेंट्स बनाने पर है। Meta इसे अपने ऐप्स, बिजनेस टूल्स और Meta AI असिस्टेंट में एकीकरण के जरिए बड़े स्तर पर इस्तेमाल करना चाहती है।

तेज़ ग्रोथ और ग्लोबल विस्तार

Manus की ग्रोथ बेहद तेज रही है। लॉन्च के आठ महीनों में कंपनी का सालाना औसत रेवेन्यू 100 मिलियन डॉलर पार कर गया, जबकि रन रेट 125 मिलियन डॉलर से ऊपर था। फ्री और पेड सब्सक्रिप्शन मॉडल के जरिए कंपनी पहले ही दुनियाभर में लाखों यूजर्स और बिजनेस को सेवा दे रही है।

कंपनी की स्थापना चीन की स्टार्टअप Butterfly Effect से हुई थी और बाद में इसका मुख्यालय सिंगापुर शिफ्ट कर दिया गया। Benchmark की अगुआई में 75 मिलियन डॉलर की सीरीज-B फंडिंग जुटाई गई, जिसमें Tencent और HongShan Capital Group जैसे बड़े निवेशकों का समर्थन रहा। Alibaba की Qwen AI टीम के साथ भी यह कंपनी पहले साझेदारी कर चुकी है।

अधिग्रहण के बाद बदलाव और स्थिरता

Meta ने कहा है कि Manus की सब्सक्रिप्शन सर्विस पहले की तरह जारी रहेगी। कंपनी के कर्मचारी अब Meta की AI टीम में शामिल होंगे। Manus के CEO शाओ होंग के अनुसार, Meta से जुड़ने से कंपनी को स्थिर प्लेटफॉर्म मिलेगा, जबकि प्रोडक्ट के काम करने के तरीके और निर्णय लेने की स्वतंत्रता में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।

Leave a comment