मिलने बुलाकर युवक पर की फायरिंग, हमलावर निकले पड़ोसी; गैंग कनेक्शन का दावा

मिलने बुलाकर युवक पर की फायरिंग, हमलावर निकले पड़ोसी; गैंग कनेक्शन का दावा
AI IMAGE

कोटा में युवक को फोन कर बाहर बुलाकर तीन गोलियां मार दी गईं। घायल का अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस के अनुसार वारदात रंजिश के चलते हुई। तीन आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश के लिए टीमें बनाई गई हैं।

Rajasthan: कैथूनीपोल थाना क्षेत्र में रविवार रात उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक पर खुलेआम फायरिंग कर दी गई। घायल युवक की पहचान अब्दुल नईम के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, नईम उस समय अपने घर पर मौजूद था, तभी उसके पड़ोसी शरीफ ने उसे फोन कर मिलने के लिए बाहर बुलाया।

नईम बाइक लेकर बताए गए स्थान पर पहुंचा। जैसे ही वह बाइक से उतरा, पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उस पर गोलियां चला दीं। अचानक हुए हमले में नईम के पेट और जांघ में गोली लगी। गोलियां चलाने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

एमबीएस अस्पताल में चल रहा इलाज

फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल युवक को तुरंत एमबीएस अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के अनुसार युवक की हालत गंभीर लेकिन स्थिर बनी हुई है। अस्पताल में उसका इलाज जारी है और पुलिस को भी घटना की सूचना दे दी गई।

घायल के भाई रहीम ने बताया कि हमले के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई। नईम को खून से लथपथ हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने तुरंत इलाज शुरू किया।

पहले दोनों थे अच्छे दोस्त 

घायल युवक के भाई रहीम ने पुलिस को बताया कि नईम और शरीफ पहले अच्छे दोस्त थे। लेकिन कुछ समय से दोनों के बीच तनाव चल रहा था। बताया गया कि नईम ने आदिल मिर्जा गैंग से जुड़ी कुछ अहम जानकारियां पुलिस को दी थीं।

इसी बात को लेकर आरोपी पक्ष नईम से रंजिश रखने लगा था। पुलिस को दिए बयान में घायल नईम ने भी बताया कि इसी वजह से उस पर हमला किया गया। आरोप है कि यह फायरिंग आदिल मिर्जा के इशारे पर की गई।

तीन आरोपी फरार

कैथूनीपोल थानाधिकारी अमरेश ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस हमले में तीन लोग शामिल थे। आरोपी सद्दाम, शाहनवाज और शरीफ, जो आपस में भाई हैं और घायल के पड़ोसी हैं। घटना के बाद तीनों आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

थानाधिकारी ने भरोसा दिलाया कि जल्द ही तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और हमले से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।

Leave a comment