भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी, जिन्हें उनके शांत और संयमित स्वभाव के लिए ‘कैप्टन कूल’ कहा जाता है, ने अब इस उपनाम को कानूनी रूप से अपने नाम से जोड़ने की दिशा में कदम बढ़ाया है।
MS Dhoni on Captain Cool: भारतीय क्रिकेट इतिहास में शांत नेतृत्व की मिसाल बन चुके महेंद्र सिंह धोनी अब अपने मशहूर उपनाम ‘कैप्टन कूल’ पर कानूनी हक चाहते हैं। मैदान पर अपने बेजोड़ संयम और मुश्किल हालात में भी चेहरे पर मुस्कान बनाए रखने वाले धोनी ने इस उपनाम के लिए ट्रेडमार्क पंजीकरण का आवेदन किया है। जानकारी के मुताबिक, धोनी ने 5 जून को यह आवेदन दाखिल किया था, जिसे 16 जून को ट्रेडमार्क जर्नल में आधिकारिक रूप से प्रकाशित भी कर दिया गया।
ट्रेड मार्क्स रजिस्ट्री के पोर्टल पर इसकी स्थिति ‘स्वीकृत और विज्ञापित’ बताई गई है। धोनी का यह ट्रेडमार्क आवेदन खेल प्रशिक्षण, खेल कोचिंग और संबंधित सेवाओं की श्रेणी में दर्ज हुआ है।
फैंस से मिला था ‘कैप्टन कूल’ का तमगा
महेंद्र सिंह धोनी को यह उपनाम किसी मार्केटिंग एजेंसी ने नहीं दिया, बल्कि उनके चाहने वालों ने मैदान पर उनके शांत और संतुलित फैसलों की वजह से ‘कैप्टन कूल’ कहना शुरू किया। भारत के सबसे सफल कप्तानों में गिने जाने वाले धोनी ने इसे अब कानूनी अधिकार में बदलने का कदम उठाया है, ताकि भविष्य में इसका व्यावसायिक उपयोग बिना उनकी अनुमति के न हो सके।
धोनी के करीबी सूत्रों के अनुसार, भविष्य में वह इस नाम से खेल अकादमियों, कोचिंग सेंटर्स और अन्य खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने की योजना बना रहे हैं, जिसके लिए ट्रेडमार्क का होना जरूरी था।
2019 के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट को कहा अलविदा
महेंद्र सिंह धोनी ने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला 2019 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में खेला था, जब भारत न्यूजीलैंड के हाथों हारकर टूर्नामेंट से बाहर हुआ था। इसके बाद धोनी ने कोई अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला और 15 अगस्त 2020 को आधिकारिक रूप से संन्यास की घोषणा कर दी। हालांकि आईपीएल में उनकी मौजूदगी अब भी उतनी ही चर्चित रही है। धोनी ने 2025 के सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए अनकैप्ड खिलाड़ी के तौर पर वापसी की थी और कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ की गैरमौजूदगी में टीम की कमान भी संभाली थी।
तीन आईसीसी खिताब दिलाने वाले इकलौते भारतीय कप्तान
महेंद्र सिंह धोनी का कप्तानी रिकॉर्ड बेहद प्रभावशाली रहा है। उनके नेतृत्व में टीम इंडिया ने 2007 में टी20 वर्ल्ड कप, 2011 में वनडे वर्ल्ड कप और 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी जीती। यही नहीं, 2010 और 2016 में भारत ने एशिया कप का खिताब भी जीता। धोनी भारत के एकमात्र कप्तान हैं जिनकी अगुवाई में टीम ने तीनों प्रमुख आईसीसी खिताब अपने नाम किए।
आईपीएल में भी बनाया खास मुकाम
धोनी ने न सिर्फ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर, बल्कि आईपीएल में भी कप्तानी का लोहा मनवाया। उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स को 2010, 2011, 2018, 2021 और 2023 में आईपीएल विजेता बनाया। इसके अलावा सीएसके ने उनकी अगुवाई में 2010 और 2014 में चैंपियंस लीग टी20 खिताब भी जीते। 2016-17 में जब सीएसके पर प्रतिबंध लगा था, तब धोनी राइजिंग पुणे सुपरजाएंट्स के लिए खेले थे।