बलरामपुर में स्कूल परिसर में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी का छज्जा गिरने से छठवीं के छात्र की मौत हो गई। लापरवाही पर हेडमास्टर निलंबित, तीन शिक्षकों को नोटिस और सरपंच-सचिव के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।
Chhattisgarh: यह दुखद घटना गुरुवार को वाड्रफनगर थाना क्षेत्र में सामने आई। शारदापुर गांव निवासी आलोक कुमार देवांगन (12) स्थानीय माध्यमिक शाला खुटहन में कक्षा छठवीं का छात्र था। गुरुवार को वह रोज की तरह स्कूल आया था। मध्यान्ह भोजन के बाद छात्र स्कूल परिसर में खेल रहे थे।
इसी दौरान कुछ बच्चे स्कूल परिसर में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन की ओर चले गए। आलोक भी उनके पीछे वहां पहुंच गया। खेलते समय उसे पेशाब लगी और वह निर्माणाधीन भवन के छज्जे के नीचे खड़ा हो गया। तभी अचानक भवन का छज्जा भरभराकर गिर पड़ा और आलोक उसके नीचे दब गया।
शिक्षकों ने अस्पताल पहुंचाया
छज्जा गिरने की आवाज और आलोक की चीख सुनकर स्कूल के शिक्षक तुरंत मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से मलबा हटाया गया और गंभीर रूप से घायल आलोक को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया।
हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद आलोक को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही वाड्रफनगर थाना पुलिस भी अस्पताल पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

हादसे की खबर मिलते ही आलोक के परिजन अस्पताल पहुंचे। बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। आलोक के पिता रमेश देवांगन मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। गांव में भी शोक का माहौल है। बच्चे के अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही है।
स्कूल की शिक्षिका पूजा गुप्ता ने बताया कि बच्चों ने आकर घटना की जानकारी दी थी। इसके बाद सभी शिक्षक मौके पर पहुंचे और तुरंत राहत कार्य शुरू किया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
लापरवाही पर कार्रवाई
घटना के बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। जिला शिक्षा अधिकारी मनीराम यादव ने बताया कि बच्चों की सुरक्षा में लापरवाही बरतने पर स्कूल की हेडमास्टर ममता गुप्ता को निलंबित कर दिया गया है। वहीं तीन अन्य शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इसके अलावा आंगनबाड़ी भवन के निर्माण में घटिया गुणवत्ता और अनियमितता के आरोप में गांव के सरपंच और ग्राम सचिव के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।
प्रशासन का कहना है कि निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई, जिससे यह हादसा हुआ। जनपद सीईओ निजामुद्दीन खान ने बताया कि पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। साथ ही पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता और मुआवजा देने का आश्वासन भी दिया गया है।










