साल 2025 ओटीटी स्पेस के सितारों के लिए बेहद खास रहा, जहां दमदार कहानियों और शानदार परफॉर्मेंस ने दर्शकों का दिल जीत लिया। रोमांचक थ्रिलर्स से लेकर इंडस्ट्री आधारित ड्रामे और भावनात्मक किरदारों तक, डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर हर तरह का कंटेंट देखने को मिला।
एंटरटेनमेंट न्यूज़: साल 2025 भारतीय ओटीटी इंडस्ट्री के लिए बेहद खास साबित हुआ। इस साल डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर आईं दमदार वेब सीरीज और फिल्मों ने न सिर्फ दर्शकों का दिल जीता, बल्कि कई कलाकारों की किस्मत भी बदल दी। थ्रिलर, क्राइम, ड्रामा और सटायर जैसी विविध शैलियों में बनी कहानियों ने कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का भरपूर मौका दिया।
नतीजा यह रहा कि कई एक्टर और एक्ट्रेस ओटीटी स्टार बनकर उभरे और उन्हें ग्लोबल पहचान मिली। आइए जानते हैं उन सितारों के बारे में, जिन्होंने 2025 में ओटीटी पर खास मुकाम हासिल किया।
जहान कपूर
जहान कपूर 2025 के सबसे चर्चित ओटीटी एक्टर्स में शामिल रहे। उन्होंने वेब सीरीज ‘ब्लैक वॉरंट’ में शानदार अभिनय के दम पर फिल्मफेयर ओटीटी अवॉर्ड्स 2025 में बेस्ट एक्टर (मेल) – क्रिटिक्स ड्रामा सीरीज का खिताब जीता। जहान ने अपनी सफलता का श्रेय पूरी टीम और मेकर्स को दिया। शशि कपूर के पोते और कुणाल कपूर के बेटे जहान ने फिल्म ‘फराज’ से डेब्यू किया था, लेकिन ओटीटी ने उन्हें एक नई पहचान दिलाई।
राघव जुयाल
राघव जुयाल ने 2025 में अपने करियर की दिशा बदलते हुए खुद को एक गंभीर अभिनेता के रूप में स्थापित किया। टीवी से ब्रेक लेकर उन्होंने फिल्म ‘किल’ और नेटफ्लिक्स सीरीज ‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ में दमदार परफॉर्मेंस दी। उनकी एक्टिंग को दर्शकों और क्रिटिक्स दोनों ने खूब सराहा। राघव की सफलता उनकी मेहनत, आत्मविश्वास और अभिनय को एक कला की तरह देखने के नजरिए का नतीजा रही।

वैभव राज गुप्ता
क्राइम थ्रिलर ‘मंडला मर्डर्स’ में डिटेक्टिव विक्रम सिंह के किरदार में वैभव राज गुप्ता ने यह साबित किया कि थ्रिलर में भी भावनात्मक गहराई हो सकती है। एक रहस्यमयी शहर में सच्चाई की तलाश करते अधिकारी के रूप में उन्होंने गंभीरता और संवेदनशीलता का बेहतरीन संतुलन दिखाया। उनकी परफॉर्मेंस ने दर्शकों को आखिरी एपिसोड तक बांधे रखा।
लक्ष्य लालवानी
लक्ष्य लालवानी 2025 के उन ओटीटी सितारों में रहे, जिनका किरदार लंबे समय तक याद रखा जाएगा। हिट सैटायर सीरीज ‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ में उनकी भूमिका को खूब सराहना मिली। फिल्म ‘किल’ की सफलता के बाद लक्ष्य ने ओटीटी और सिनेमा दोनों में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई, जिसके चलते उन्हें अवॉर्ड्स और बड़े ब्रांड एंडोर्समेंट भी मिले।

मोना सिंह
मोना सिंह ने 2025 में खुद को ओटीटी की सबसे प्रभावशाली अभिनेत्रियों में शामिल कर लिया। ‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ में उनकी परफॉर्मेंस ने इंडस्ट्री की चकाचौंध और संघर्ष को बेहद सटीक तरीके से पेश किया। उनके किरदार में दिखाई गई भावनात्मक गहराई, समझदारी और आत्मविश्वास ने यह साबित कर दिया कि वे डिजिटल स्पेस की सबसे मजबूत कलाकारों में से एक हैं।
कोंकणा सेन शर्मा
कोंकणा सेन शर्मा ने क्राइम सीरीज ‘सर्च: द नैना मर्डर केस’ में ACP संयुक्ता दास का किरदार निभाकर दर्शकों का दिल जीत लिया। यह सीरीज डेनिश नॉयर थ्रिलर ‘द किलिंग’ से प्रेरित थी। एक जटिल निजी जीवन और मुश्किल केस से जूझती पुलिस अधिकारी के रूप में कोंकणा की गंभीर और सधी हुई परफॉर्मेंस को खूब सराहा गया।
परमवीर सिंह चीमा
‘ब्लैक वॉरंट’ में शिवराज सिंह मंगत के किरदार में परमवीर सिंह चीमा ने गहरी छाप छोड़ी। एक टूटे हुए जेल अधिकारी के रूप में उनकी उदासी, गुस्सा और अंदरूनी संघर्ष बेहद प्रभावशाली रहा। इससे पहले वह फिल्म ‘तेरे इश्क में’ में भी नजर आए थे, लेकिन ओटीटी ने उन्हें नई ऊंचाई दी।











