पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर भारत में हमेशा चर्चा में रही हैं। उनका नया ड्रामा 'मेरी जिंदगी है तू' दर्शकों के बीच छाया हुआ है और इसका टाइटल ट्रैक भी खूब वायरल हो रहा है। भारत में पाकिस्तानी ड्रामे काफी हिट होते हैं, और हानिया की पॉपुलैरिटी में कोई कमी नहीं आई है।
एंटरटेनमेंट न्यूज़: भारतीय एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में सोशल मीडिया का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में अब पंजाबी एक्ट्रेस और सिंगर शहनाज गिल का एक वीडियो चर्चा में है, जिसमें वह पाकिस्तानी ड्रामा ‘मेरी जिंदगी है तू’ के टाइटल ट्रैक पर झूमती नजर आ रही हैं। यह गाना पाकिस्तानी अभिनेत्री हानिया आमिर और अभिनेता बिलाल अब्बास खान के लोकप्रिय ड्रामे का हिस्सा है। शहनाज का यह वीडियो जहां उनके फैंस को पसंद आ रहा है, वहीं कुछ यूजर्स ने इस पर नाराजगी भी जाहिर की है।
क्यों चर्चा में है ‘मेरी जिंदगी है तू’?
पाकिस्तानी ड्रामे भारत समेत कई देशों में लंबे समय से लोकप्रिय रहे हैं। ‘मेरी जिंदगी है तू’ इन दिनों सोशल मीडिया और यूट्यूब पर खासा ट्रेंड कर रहा है। इसकी भावनात्मक कहानी, हानिया आमिर और बिलाल अब्बास की केमिस्ट्री और खास तौर पर इसका म्यूजिक दर्शकों को खूब पसंद आ रहा है। इस ड्रामे का टाइटल ट्रैक मशहूर गायक आसिम अजहर और सबरी सिस्टर्स की आवाज में है। सूफियाना और रोमांटिक अंदाज वाला यह गाना रिलीज के बाद से ही वायरल है और बड़ी संख्या में रील्स में इस्तेमाल किया जा रहा है।
शहनाज गिल ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर इस गाने पर एक रील शेयर की। वीडियो में वह बेहद सादगी और मस्ती भरे अंदाज में डांस करती दिखीं। उन्होंने कैप्शन में लिखा, इस गाने से ऑब्सेस्ड हूं… और खुद से तो और भी ज्यादा ऑब्सेस्ड हूं। उनकी इस पोस्ट पर कुछ सेलेब्रिटीज और फैंस ने प्यार लुटाया। टीवी एक्ट्रेस माहिरा शर्मा ने कमेंट करते हुए लिखा, “मेरी बेबी है तू।” वहीं, कई फैंस ने शहनाज की एनर्जी और एक्सप्रेशंस की तारीफ की।

सोशल मीडिया पर मिली मिली-जुली प्रतिक्रिया
हालांकि, यह वीडियो हर किसी को पसंद नहीं आया। कुछ यूजर्स ने भारत-पाकिस्तान के मौजूदा राजनीतिक और सामाजिक संदर्भ को देखते हुए शहनाज की आलोचना भी की। एक यूजर ने लिखा, अरे यार, पाकिस्तानी ड्रामे के गाने पर रील बनाना जरूरी था? वहीं, दूसरे ने कमेंट किया, इंडियन सेलेब्रिटीज को भी पाकिस्तानी गाने ही पसंद आते हैं? कुछ यूजर्स ने इसे कला और संगीत की सीमाओं से जोड़ते हुए समर्थन भी किया। एक कमेंट था, म्यूजिक की कोई सरहद नहीं होती।
गौरतलब है कि इस साल अप्रैल में हुए पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया था। इसके बाद भारत में डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर कुछ प्रतिबंध लगाए गए, जिनके तहत हानिया आमिर, माहिरा खान और अली जफर समेत कई पाकिस्तानी कलाकारों के इंस्टाग्राम अकाउंट भारतीय यूजर्स के लिए सीमित कर दिए गए थे।











