पांच महीने की प्रेग्नेंट महिला के पेट पर लात मारकर हत्या, सास ने मांगी फांसी की सजा

पांच महीने की प्रेग्नेंट महिला के पेट पर लात मारकर हत्या, सास ने मांगी फांसी की सजा
AI IMAGE

वाराणसी में पांच महीने की गर्भवती सलोनी पटेल को सड़क पर लात मार दी गई, जिससे उसका गर्भपात हुआ और बाद में मौत हो गई। परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं और दोषियों की गिरफ्तारी की अपील कर रहे हैं।

Uttar pradesh: वाराणसी के लालपुर थाना क्षेत्र में हुकुलगंज–कुलगंज खजूरी इलाके में रविवार रात एक दुखद घटना घटी। 27 वर्षीय सलोनी पटेल, जो पांच महीने की गर्भवती थीं, पेट में दर्द होने पर अपने पति दशमी पटेल के साथ अस्पताल जा रही थीं। तभी गली में खड़े कुछ दबंगों ने उनके पति के ऑटो को रोक लिया और मारपीट शुरू कर दी।

सलोनी अपनी जान की परवाह किए बिना पति को बचाने लगी। इसी दौरान दबंगों ने उनके पेट पर लात मार दी। इससे गर्भपात हो गया और गंभीर स्थिति में उन्हें सारनाथ अस्पताल ले जाया गया। बाद में अत्यधिक ब्लीडिंग के कारण उनकी मौत हो गई।

मदद की गुहार और पुलिस शिकायत

वह लंका में एक परिवार के साथ रहते हैं और खाना बनाते हैं। 4 जनवरी की शाम उनकी पत्नी की तबीयत अचानक बिगड़ी। ऑटो लाने के लिए उन्होंने गली की ओर बढ़ते हुए ठेलों को हटाने के लिए कहा। इसके बावजूद मनबढ़ों ने उनका विरोध किया और धक्का दे दिया।

जब दशमी ने ठेले हटाने की फिर से कोशिश की, तो मारपीट शुरू हो गई। सलोनी ने उन्हें बचाने की कोशिश की, तब दबंगों ने उसके पेट पर वार किया। दशमी ने बताया कि उन्होंने तुरंत थाने में FIR दर्ज कराई थी, लेकिन इलाज के दौरान सलोनी की मौत हो गई।

बहू के हत्यारों को कड़ी सजा

सलोनी की सास रुक्मणि पटेल ने रोते हुए कहा, 'हम चाहते हैं कि जैसे हमारी बहू की मौत हुई, वैसे ही हत्यारों को सजा मिले। हमारी बहू निर्दोष थी, वह सिर्फ अपने पति को बचा रही थी। अब हमारा पोता वासु, जो सिर्फ सात साल का है, अपनी मां के बिना कैसे बड़ा होगा?' रुक्मणि ने आगे कहा कि सलोनी परिवार की इकलौती सहारा थी और उसकी मौत ने घर में खालीपन और दुःख छोड़ दिया है। परिजनों ने मौके पर शव रखकर चक्काजाम किया और न्याय की मांग की।

स्थानीय लोगों ने भी घटना की निंदा की और दोषियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की। वाराणसी में यह मामला मीडिया में आने के बाद चर्चा का विषय बन गया है। लोगों का कहना है कि इस तरह की हिंसा और लापरवाही किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जा सकती।

पुलिस की कार्यवाई 

लालपुर पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों की शिकायत पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और उन्हें पकड़ने के लिए अलग-अलग टीमों को लगाया गया है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। परिजन और समाज मामले में न्याय की आशा जताए हुए हैं।

उनका कहना है कि सलोनी की मौत से उनकी मासूम संतानों और परिवार का भविष्य अंधकार में चला गया है। इस घटना ने स्पष्ट कर दिया है कि सड़क पर लापरवाही और हिंसक व्यवहार न केवल जीवन को खतरे में डालता है, बल्कि परिवारों के लिए असहनीय दुख भी पैदा करता है।

Leave a comment