पटना। राजधानी पटना के B. N. College में आज छात्रसंघ चुनाव के दौरान ID कार्ड को लेकर विवाद खड़ा हो गया। Patna University छात्रसंघ चुनाव के लिए वोटिंग जारी है, लेकिन बिना वैध पहचान पत्र वाले कई छात्रों को कॉलेज गेट पर ही रोक दिया गया, जिससे कुछ देर के लिए हंगामे की स्थिति बन गई।
कॉलेज प्रशासन के अनुसार, मतदान केंद्र में प्रवेश के लिए वैध विश्वविद्यालय ID कार्ड अनिवार्य किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखते हुए पुलिस बल भी तैनात किया गया है। हालांकि कई छात्रों का कहना है कि उन्होंने समय रहते ID कार्ड के लिए आवेदन किया था, लेकिन उन्हें कार्ड जारी नहीं किया गया। ऐसे में उन्हें मतदान से वंचित किया जा रहा है।
कुछ वोटरों ने आरोप लगाया कि “अप्लाई करने के बावजूद ID नहीं मिला, अब हमें वोट देने से रोका जा रहा है।” छात्रों ने इसे प्रशासनिक लापरवाही बताते हुए विरोध दर्ज कराया। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने छात्रों को समझाने की कोशिश की और कहा कि नियमों के तहत ही मतदान प्रक्रिया संचालित की जा रही है।
बीएन कॉलेज परिसर में सुबह से ही मतदान को लेकर उत्साह देखा गया। छात्र संगठनों के समर्थक अपने-अपने प्रत्याशियों के पक्ष में नारेबाजी करते नजर आए। सुरक्षा के मद्देनजर कॉलेज गेट पर बैरिकेडिंग की गई है और हर छात्र की जांच के बाद ही अंदर प्रवेश दिया जा रहा है।
प्रशासन का कहना है कि चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। वहीं छात्र संगठनों ने मांग की है कि जिन छात्रों ने ID के लिए आवेदन किया है, उन्हें वैकल्पिक पहचान के आधार पर मतदान की अनुमति दी जाए।
फिलहाल बीएन कॉलेज सहित पटना विश्वविद्यालय के विभिन्न कॉलेजों में मतदान जारी है। ID विवाद के बीच भी बड़ी संख्या में छात्र अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। चुनाव परिणाम देर शाम तक आने की संभावना है।











