झुंझुनूं में चोरी के शक में एक युवक की सरेआम पिटाई का वीडियो सामने आया है। बस ड्राइवर और कंडक्टर पर मारपीट का आरोप है। पुलिस ने वीडियो के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
Jhunjhunu: झुंझुनूं शहर के पीरू सिंह सर्किल पर बुधवार दोपहर करीब 1 बजे एक युवक के साथ सरेआम मारपीट की घटना सामने आई है। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें युवक को पीटते हुए देखा जा सकता है। घटना के समय मौके पर काफी लोग मौजूद थे, लेकिन किसी ने बीच-बचाव नहीं किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जयपुर से पिलानी की ओर जा रही एक लोक परिवहन बस पीरू सिंह सर्किल के पास रुकी थी। इसी दौरान वहां खड़े कुछ युवकों ने एक युवक पर चोरी करने का आरोप लगाया। इसके बाद मामला अचानक बढ़ गया और युवक के साथ मारपीट शुरू हो गई।
ड्राइवर और कंडक्टर पर पिटाई का आरोप
चोरी के आरोप लगते ही बस के ड्राइवर और कंडक्टर भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि उन्होंने बिना किसी जांच या पुलिस को सूचना दिए युवक को पकड़ लिया और सड़क के बीच ही उसकी पिटाई शुरू कर दी।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवक को लगातार थप्पड़ मारे गए और उसे लात-घूंसों से भी पीटा गया। मारपीट के दौरान युवक खुद को निर्दोष बताता रहा और हाथ जोड़कर छोड़ देने की गुहार लगाता रहा, लेकिन किसी ने उसकी बात नहीं सुनी।
कपड़े फाड़े, जबरन बस में बैठाया
मारपीट के दौरान युवक के कपड़े भी फाड़ दिए गए। इसके बाद उसे जबरन बस में बैठा दिया गया। बताया जा रहा है कि युवक चलती बस के गेट पर बैठकर लोगों से बचाने की गुहार लगाता रहा, लेकिन बस को रोका नहीं गया।
इस पूरी घटना के दौरान बस में सवार यात्री भी सहमे रहे। किसी ने वीडियो बनाकर घटना को रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सामने आया है। वीडियो में युवक की हालत काफी खराब नजर आ रही है।
पुलिस को अब तक नहीं मिली शिकायत
कोतवाली थाना प्रभारी श्रवण कुमार ने बताया कि फिलहाल इस मामले में पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। पिटाई का शिकार हुए युवक की पहचान भी अभी तक नहीं हो पाई है। इसके अलावा, जिस बस में यह घटना हुई, उसकी पूरी जानकारी भी पुलिस के पास नहीं है।
थानाधिकारी ने कहा कि सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। वीडियो में दिख रहे लोगों की पहचान की कोशिश की जा रही है और संबंधित बस के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।











