पतंग पकड़ने दौड़ा मासूम, नाले में गिरने से 11 वर्षीय बच्चे की दर्दनाक मौत

पतंग पकड़ने दौड़ा मासूम, नाले में गिरने से 11 वर्षीय बच्चे की दर्दनाक मौत
AI IMAGE

मृतक अर्पित बापू नगर का रहने वाला था। हादसे के बाद पुलिस ने बच्चे को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बुधवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

Jaipur: जयपुर के खोह नागोरियान थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। रोपाड़ा स्थित बापू नगर इलाके में रहने वाला 11 वर्षीय अर्पित पतंग लूटते समय नाले में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। यह हादसा शाम करीब 6:30 बजे हुआ, जब अर्पित घर के पास ही बच्चों के साथ पतंग लूट रहा था।

कटी हुई पतंग को पकड़ने के लिए वह दौड़ता हुआ पास के नाले की ओर चला गया। इस दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और पैर फिसलने से वह सीधे नाले में जा गिरा। नाला करीब सात फीट गहरा था और उसमें पानी भरा हुआ था।

पुलिस की कोशिशें

बच्चे के नाले में गिरते ही आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत खोह नागोरियान थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू शुरू किया।

करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से बच्चे को नाले से बाहर निकाला गया। उस समय उसकी हालत गंभीर थी। बिना देरी किए पुलिस उसे जेएनयू हॉस्पिटल लेकर पहुंची।

अस्पताल में किया मृत घोषित

जेएनयू हॉस्पिटल में डॉक्टरों ने जांच के बाद अर्पित को मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

खोह नागोरियान थाना प्रभारी ओमप्रकाश मातवा ने बताया कि हादसा लापरवाही और संतुलन बिगड़ने के कारण हुआ। बुधवार सुबह अस्पताल में पोस्टमॉर्टम करवाया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

Leave a comment