सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर और मशहूर नेल आर्टिस्ट राजश्री मोरे इन दिनों एक चौंकाने वाले मामले को लेकर सुर्खियों में हैं। उन्होंने मनसे (महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना) के उपाध्यक्ष के बेटे के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं, जिससे राजनीतिक हलकों में भी हलचल मच गई है।
Who is Rajshree More: मुंबई की गलियों में हुए एक हंगामेदार टकराव ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है। सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर और प्रोफेशनल नेल आर्टिस्ट राजश्री मोरे ने महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) नेता जावेद शेख के बेटे राहिल शेख पर गंभीर आरोप लगाए हैं। यह मामला रविवार देर रात अंधेरी में हुई एक कथित सड़क दुर्घटना से जुड़ा है, जिसने देखते ही देखते मुंबई पुलिस, राजनीतिक गलियारों और सोशल मीडिया को झकझोर दिया।
क्या है पूरा मामला?
राजश्री मोरे ने दावा किया है कि जब वह गोरेगांव से अंधेरी जा रही थीं, तो उनकी कार को एक युवक ने बार-बार टक्कर मारी। यह युवक कोई और नहीं बल्कि मनसे उपाध्यक्ष जावेद शेख का बेटा राहिल शेख था। राजश्री के मुताबिक, राहिल उस वक्त नशे की हालत में, अर्धनग्न अवस्था में और आक्रामक व्यवहार में था।उन्होंने आरोप लगाया कि राहिल न सिर्फ लगातार गालियां दे रहा था, बल्कि उसने पुलिस की मौजूदगी में भी उन्हें धमकाया और अपने पिता के राजनीतिक रसूख की धौंस दी। राजश्री के अनुसार, वह खुद को असुरक्षित महसूस कर रही थीं और मदद की गुहार लगाई।
वीडियो वायरल, सोशल मीडिया पर उबली नाराजगी
इस पूरी घटना का वीडियो इंस्टाग्राम पर वायरल हो चुका है, जिसमें राजश्री भावुक होते हुए आपबीती सुनाती नजर आती हैं। उन्होंने बताया कि जब पुलिस कांस्टेबल उनकी मदद करने के लिए उनकी गाड़ी में बैठे, तभी राहिल ने फिर से उनकी कार में टक्कर मार दी। इस वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स का गुस्सा फूट पड़ा, और कई लोगों ने आरोपित युवक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
एफआईआर दर्ज, गंभीर धाराओं में मामला दर्ज
मुंबई पुलिस ने इस घटना को गंभीरता से लिया और राहिल शेख के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई धाराओं में मामला दर्ज किया:
- धारा 79 – महिला की मर्यादा को ठेस पहुंचाने का प्रयास
- धारा 281 – लापरवाही से गाड़ी चलाना
- धारा 125 व 185 – नशे की हालत में वाहन चलाना
- पुलिस द्वारा इस मामले में आगे की जांच जारी है, और राजश्री ने पुलिस से लगातार सुरक्षा की मांग की है।
कौन हैं राजश्री मोरे?
राजश्री मोरे सिर्फ एक सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर नहीं, बल्कि एक सेल्फमेड एंटरप्रेन्योर भी हैं। रत्नागिरी के लांजा कस्बे में जन्मीं राजश्री ने बेहद कम उम्र में अपने पिता को खो दिया। उनकी पढ़ाई मराठी माध्यम से हुई, लेकिन हाई स्कूल तक ही सीमित रही। बावजूद इसके, उन्होंने नेल आर्ट और ब्यूटी इंडस्ट्री में अपनी जगह बनाई।
मुंबई के लोखंडवाला और मलाड जैसे पॉश इलाकों में उनके तीन ब्यूटी स्टूडियो हैं। इंस्टाग्राम पर उनके 31,000 से ज्यादा फॉलोअर्स हैं, और वह कई बॉलीवुड हस्तियों के साथ वीडियो बना चुकी हैं।
पहले भी विवादों में रही हैं राजश्री
यह पहली बार नहीं है जब राजश्री मोरे सुर्खियों में आई हैं। मराठी भाषा थोपने को लेकर दिए गए एक बयान पर पहले भी एमएनएस समर्थकों ने उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। इसके अलावा, उन्होंने राखी सावंत और उनके पूर्व पति आदिल के विवाद में भी खुलकर पक्ष लिया था, जिसके बाद वे राखी के भी खिलाफ हो गईं। इन मामलों ने उन्हें बार-बार सुर्खियों में बनाए रखा है।
इस मामले के तूल पकड़ने के बाद अब सभी की निगाहें मुंबई पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं। राजश्री ने कहा है कि वह चुप नहीं बैठेंगी और उन्हें न्याय चाहिए। राजनीतिक दबाव और प्रभाव के बावजूद वह अपनी बात कहने से पीछे नहीं हटेंगी।