राजस्थान की राजधानी में दर्दनाक घटना: 7वीं के छात्र ने दी जान, दिव्यांग बुआ के सहारे चल रही थी उसकी पढ़ाई

राजस्थान की राजधानी में दर्दनाक घटना: 7वीं के छात्र ने दी जान, दिव्यांग बुआ के सहारे चल रही थी उसकी पढ़ाई

जयपुर के सांगानेर सदर थाना क्षेत्र में सातवीं कक्षा के 13 वर्षीय छात्र मोक्ष यादव का शव घर में फंदे से लटका मिला। स्कूल से लौटने के बाद वह कमरे में गया और देर तक नहीं निकला, परिजन दरवाजा खोलते ही स्तब्ध रह गए।

Jaipur: वाटिका रोड स्थित डेयरी योजना क्षेत्र में 13 वर्षीय छात्र मोक्ष यादव की संदिग्ध हालात में मौत से सनसनी फैल गई। बताया गया कि मोक्ष प्रतापनगर स्थित जानकी देवी स्कूल से पढ़कर लौटने के बाद सीधे अपने कमरे में चला गया। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर उसकी दिव्यांग बुआ ने दरवाजा खोला तो वह फंदे से लटका मिला। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर आ गए, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। पुलिस के अनुसार मोक्ष मूल रूप से हरियाणा का रहने वाला था और बुआ के साथ रहकर पढ़ाई कर रहा था।

कमरे में मिला छात्र का शव

स्कूल से लौटने के बाद मोक्ष बुआ का मोबाइल लेकर अपने कमरे में चला गया, जबकि उसकी दिव्यांग बुआ बाहर बैठी थीं। काफी देर तक कोई आवाज न आने पर जब उन्होंने दरवाजा खोला तो मोक्ष फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव नीचे उतरवाकर पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।

थानाधिकारी अनिल जैमन ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है और परिजनों ने भी किसी पर शक जाहिर नहीं किया। बच्चे ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं है। परिजन शव लेकर हरियाणा रवाना हो गए।

परिवार की स्थिति और बच्चे की दिनचर्या

मोक्ष पिछले आठ साल से अपनी दिव्यांग बुआ के पास रहकर पढ़ाई कर रहा था। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण माता-पिता ने उसे बेहतर शिक्षा के लिए जयपुर भेजा था। पड़ोसियों के अनुसार, मोक्ष शांत स्वभाव का था और पढ़ाई में भी अच्छा माना जाता था।

परिवार हरियाणा में रहता है और पिता मजदूरी करते हैं। ऐसे में मोक्ष अपनी बुआ के परिवार का ही हिस्सा बन गया था। अचानक लिए गए इस चरम कदम से बऊदी इलाके का माहौल गमगीन है और लोग कारणों को लेकर हैरान हैं।

शहर में लगातार दूसरी दुखद घटना

जयपुर में बच्चों की रहस्यमयी मौत का यह दूसरा मामला है। कुछ दिन पहले नीरजा मोदी स्कूल की नौ साल की छात्रा अमायरा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने भी शहर को झकझोर दिया था। वह मामला अब तक पुलिस के लिए पहेली बना हुआ है।

ऐसे में सातवीं कक्षा के छात्र मोक्ष की मौत ने चिंता और बढ़ा दी है। पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं की जांच कर रही है, लेकिन अभी तक कोई स्पष्ट वजह सामने नहीं आई। स्थानीय लोग बच्चों की मानसिक स्थिति और स्कूल दबाव को लेकर भी सवाल उठा रहे हैं।

Leave a comment