रामगढ़ में घर में लेपर्ड के घुसने की घटना से लोगों में दहशत है। सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद प्रशासन और वन विभाग अलर्ट हो गया है। लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई है।
Sikar: रामगढ़ शहर में शनिवार रात करीब 8 बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब एक लेपर्ड अचानक एक घर में घुस आया। यह घटना रामगढ़ शेखावाटी बाईपास स्थित खटीकान प्याऊ के पास हाईवे किनारे हुई। घर के अंदर मौजूद परिवार ने जैसे ही लेपर्ड को देखा, शोर मचाया। शोर सुनते ही लेपर्ड बिना किसी को नुकसान पहुंचाए वहां से भाग निकला।
इस पूरी घटना का वीडियो पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया। फुटेज सामने आने के बाद इलाके के लोगों में डर का माहौल बन गया है। स्थानीय निवासी मनीषकुमार प्रजापत ने तुरंत वन विभाग और प्रशासन को इसकी जानकारी दी।
पहले भी अलग-अलग जगह दिख चुके हैं लेपर्ड के निशान

लेपर्ड की मौजूदगी कोई पहली घटना नहीं है। इससे एक दिन पहले शुक्रवार देर रात करीब 1 बजे राजकीय सेठ आर.एन. रूइया कॉलेज के पास स्थित शेखावाटी स्पोर्ट्स एकेडमी के खेल मैदान में मजदूरों ने अजीब आवाजें सुनी थीं। उस समय अंधेरा होने के कारण कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई।
शनिवार सुबह जब मैदान की जांच की गई, तो वहां लेपर्ड के पैरों जैसे निशान पाए गए। इसके बाद खेल मैदान के प्रबंधक मुकेश कुमार रिणवां ने वन विभाग के फोरेस्टर नरेंद्र कुमार को सूचना दी। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर निशानों की जांच की और सतर्कता बढ़ा दी।
एक सप्ताह से ग्रामीण इलाकों में सक्रिय है लेपर्ड
वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, पिछले करीब एक सप्ताह से रामगढ़ उपखंड के कई ग्रामीण क्षेत्रों में लेपर्ड की गतिविधियां देखी जा रही हैं। श्री शेरनाथ जी महाराज आश्रम और रूकनसर क्षेत्र में भी लेपर्ड के पैरों के निशान मिले हैं। आश्रम के संत विनयनाथ महाराज ने खेतों में इन निशानों को देखने की पुष्टि की है।
लगातार मिल रही सूचनाओं को देखते हुए वार्ड संख्या 1 और आसपास के इलाकों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। रात के समय घर से बाहर निकलने से बचने और बच्चों को अकेला न छोड़ने के निर्देश दिए गए हैं। थानाधिकारी प्रकाश चंद्र को भी पूरे मामले से अवगत करा दिया गया है। वन विभाग की टीम लगातार निगरानी कर रही है और लेपर्ड को पकड़ने के लिए आवश्यक कदम उठाने की तैयारी में है।












