रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के तेज गेंदबाज यश दयाल पर गंभीर आरोप लगे हैं। गाजियाबाद निवासी एक महिला ने यश दयाल पर शादी का झांसा देकर मानसिक और शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है।
स्पोर्ट्स न्यूज़: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की आईपीएल 2025 खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाने वाले तेज गेंदबाज यश दयाल अब मुश्किलों में घिरते नजर आ रहे हैं। गाजियाबाद की एक महिला ने उन पर पांच साल तक मानसिक और शारीरिक शोषण का गंभीर आरोप लगाया है। महिला का दावा है कि यश ने शादी का झांसा देकर न केवल उनका यौन शोषण किया, बल्कि उनसे भावनात्मक और आर्थिक शोषण भी किया।
महिला की शिकायत के बाद इस मामले ने तूल पकड़ लिया है। जानकारी के अनुसार महिला ने मुख्यमंत्री ऑनलाइन शिकायत पोर्टल पर भी अपनी गुहार लगाई थी, जिसके बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री कार्यालय ने इंदिरापुरम के सर्किल ऑफिसर से रिपोर्ट तलब की है। पुलिस को 21 जुलाई तक जांच रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
महिला ने अपनी शिकायत में विस्तार से बताया कि यश दयाल के साथ उसका पांच साल का रिलेशनशिप था। इस दौरान यश ने न सिर्फ खुद को पति की तरह पेश किया बल्कि उसे अपने परिवार से भी मिलवाया। महिला का आरोप है कि उसने इस रिश्ते पर भरोसा कर लिया, लेकिन बाद में महसूस हुआ कि उसके साथ धोखा हुआ है।
महिला ने अपनी एफआईआर में कहा, बीते पांच साल से मैं यश के साथ रिलेशनशिप में थी। उन्होंने मुझे शादी का वादा किया, लेकिन शारीरिक और मानसिक तौर पर मेरा शोषण किया। जब मैंने विरोध किया, तो मुझे धमकाया गया और मानसिक रूप से प्रताड़ित भी किया गया। महिला का यह भी आरोप है कि यश दयाल ने उससे कई बार पैसे भी लिए और धोखा देने के बाद जब उसने बात करना बंद किया, तो धमकी दी गई।
शिकायत में लिखा गया है कि यश कई और महिलाओं के साथ भी इसी तरह का व्यवहार कर चुके हैं। महिला का दावा है कि उसके पास इस पूरे रिश्ते के चैट, वीडियो कॉल और फोटो जैसे पुख्ता सबूत हैं, जिनके आधार पर पुलिस को जांच में आसानी होगी।
पुलिस जांच में जुटी, सीओ को भेजी गई नोटिस
महिला ने 14 जून को 181 महिला हेल्पलाइन पर भी शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस स्टेशन में कार्रवाई आगे नहीं बढ़ सकी थी। जब मामला सीएम हेल्पलाइन तक पहुंचा तो प्रशासन सक्रिय हुआ और इंदिरापुरम सर्किल ऑफिसर को नोटिस जारी किया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी साक्ष्यों की जांच की जा रही है और बयान दर्ज किए जाएंगे। अगर आरोपों में सच्चाई पाई जाती है, तो कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।