सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 (SMAT 2025) के फाइनल मुकाबले में झारखंड ने इतिहास रचते हुए पहली बार यह खिताब अपने नाम किया। ईशान किशन की कप्तानी में झारखंड ने हरियाणा को 69 रन से मात दी। य
स्पोर्ट्स न्यूज़: सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 के फाइनल में झारखंड ने हरियाणा को हराकर अपना पहला SMAT खिताब अपने नाम किया। 2010-11 में विजय हजारे ट्रॉफी जीतने के बाद यह झारखंड का मात्र दूसरा घरेलू खिताब है। ईशान किशन की कप्तानी में टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। टॉस हारने के बाद झारखंड को पहले बल्लेबाजी करने का अवसर मिला।
टीम ने 20 ओवर में 3 विकेट खोकर 262 रन बनाए। इसके जवाब में हरियाणा की पूरी टीम 18.3 ओवर में 193 रन पर ही सिमट गई। झारखंड ने यह मुकाबला 69 रन से जीतकर ट्रॉफी अपने नाम की।
झारखंड की पारी
टॉस हारने के बाद झारखंड को पहले बल्लेबाजी करने का न्यौता मिला। शुरुआत थोड़ी संघर्षपूर्ण रही जब विराट सिंह केवल 2 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद कप्तान ईशान किशन और कुमार कुशाग्र ने शानदार साझेदारी निभाई। ईशान किशन ने 49 गेंदों में 101 रन बनाए, जिसमें 10 छक्के और 6 चौके शामिल थे। इस शतकीय पारी के साथ वह SMAT के फाइनल में शतक बनाने वाले पहले कप्तान बन गए।
कुमार कुशाग्र ने 38 गेंदों में 81 रन बनाए, जिसमें 5 छक्के और 8 चौके शामिल थे। इसके अलावा अनुकूल रॉय ने नाबाद 40 और रॉबिन मिंज ने नाबाद 31 रनों की पारी खेली। झारखंड ने अपनी 20 ओवर की पारी में 3 विकेट के नुकसान पर 262 रन बनाकर हरियाणा के लिए चुनौती खड़ी कर दी।

हरियाणा की बल्लेबाजी
हरियाणा ने 263 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी, लेकिन शुरुआत से ही टीम लड़खड़ाई। टूर्नामेंट में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले कप्तान अंकित कुमार बिना खाता खोले आउट हो गए। उनके बाद आए आशीष सिवाच ने केवल 3 गेंदों का सामना किया और डक पर आउट हो गए। इस बीच अर्श रंगा और यशवर्धन दलाल ने पारी को संभालने की कोशिश की। रंगा 17 रन बनाकर आउट हुए। पहले 6 ओवर में हरियाणा ने 58 रन बनाए और 3 विकेट गंवाए। इसके बाद निशांत सिंधु और यशवर्धन दलाल ने चौथे विकेट के लिए 67 रन की साझेदारी की। दलाल ने 58 रन जबकि सिंधु ने 31 रन बनाए, लेकिन अंततः टीम लक्ष्य से बहुत पीछे रही।
झारखंड के गेंदबाजों का कमाल
झारखंड के गेंदबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। सुशांत मिश्रा और बाल कृष्णा ने 3-3 विकेट लिए, जबकि विकाश सिंह और अनुकूल रॉय ने 2-2 विकेट हासिल किए। हरियाणा की पूरी टीम 18.3 ओवर में 193 रन पर सिमट गई, और झारखंड ने मुकाबला 69 रन से जीत लिया। ईशान किशन की कप्तानी इस जीत में निर्णायक साबित हुई।
उन्होंने न सिर्फ शतक बनाया, बल्कि टीम के खिलाड़ियों को सही समय पर संभालते हुए आक्रामक रणनीति अपनाई। उनके नेतृत्व में झारखंड की टीम ने एक ऐतिहासिक घरेलू सफलता हासिल की और पहली बार SMAT खिताब अपने नाम किया।










