सुलतानपुर - जिले में बच्चों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने विटामिन-A अनुपूरण अभियान शुरू कर दिया है। इस अभियान के तहत 9 माह से 5 वर्ष तक के करीब ढाई लाख बच्चों को विटामिन-A की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान 28 जनवरी 2026 तक चलेगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भारत भूषण ने दूबेपुर ब्लॉक के पंचायत भवन कटावां से अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि विटामिन-A बच्चों की आंखों की रोशनी बढ़ाने, रोग-प्रतिरोधक क्षमता मजबूत करने और कुपोषण से बचाव में अहम भूमिका निभाता है।
अभियान के दौरान जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों, आंगनवाड़ी केंद्रों और उपकेंद्रों पर बच्चों को निःशुल्क विटामिन-A की खुराक दी जाएगी। साथ ही, गंभीर रूप से कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें पोषण पुनर्वास केंद्र भेजने की व्यवस्था भी की गई है।
स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को समय पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाकर विटामिन-A की खुराक अवश्य दिलाएं, ताकि बच्चों को भविष्य में होने वाली गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखा जा सकता है











