वाराणसी - साइबर अपराधियों ने खुद को पुलिस व न्यायिक अधिकारी बताकर डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाते हुए एक व्यक्ति से करीब 52 लाख रुपये की ठगी कर ली। मामला चौबेपुर थाना क्षेत्र का है, जहां पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम थाने में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पीड़ित को कॉल कर आरोपियों ने सिम कार्ड के दुरुपयोग और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा मामला बताकर भयभीत किया। इसके बाद वीडियो कॉल पर फर्जी अदालत दिखाकर पैसे जमा करने को कहा गया। भरोसा दिलाया गया कि जांच पूरी होने पर रकम वापस कर दी जाएगी, लेकिन बाद में संपर्क बंद हो गया।
पुलिस के अनुसार, अलग-अलग किस्तों में पीड़ित से लगातार धनराशि ट्रांसफर कराई गई। जांच में ठगों द्वारा इस्तेमाल किए गए बैंक खातों और कॉल डिटेल्स की पड़ताल की जा रही है।
इसी तरह, एक अन्य मामले में एपीके फाइल डाउनलोड करवाकर एक व्यक्ति के खाते से 1.9 लाख रुपये निकाल लिए गए। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, वीडियो कॉल या लिंक/फाइल पर भरोसा न करें और संदेह होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन पर संपर्क करें।












