सोशल मीडिया पर दिखने वाला कंटेंट किसी संयोग का नतीजा नहीं होता। Facebook, Instagram, YouTube और X जैसे प्लेटफॉर्म्स यूज़र के लाइक, वॉच टाइम और इंटरैक्शन के आधार पर फीड तय करते हैं। यही एल्गोरिदम तय करता है कि कौन सा कंटेंट ऊपर दिखेगा और कौन सा पीछे चला जाएगा।
सोशल मीडिया एल्गोरिदम: आज के डिजिटल दौर में यूज़र की फीड कैसे तय होती है, इसका जवाब सोशल मीडिया एल्गोरिदम में छिपा है। यह सिस्टम Facebook, Instagram, YouTube, LinkedIn और X जैसे प्लेटफॉर्म्स पर यूज़र की हर एक्टिविटी को ट्रैक करता है। क्या देखा गया, कितनी देर देखा गया, कहां लाइक या शेयर किया गया और कब स्किप किया गया इन्हीं संकेतों के आधार पर कंटेंट चुना जाता है। इसका मकसद यूज़र को उसकी रुचि का कंटेंट दिखाकर प्लेटफॉर्म पर ज्यादा समय तक बनाए रखना है।
आपकी फीड कैसे तय होती है?
सोशल मीडिया एल्गोरिदम सबसे पहले यह देखता है कि आप किस तरह के कंटेंट पर ज्यादा रुकते हैं। आप कौन सा वीडियो पूरा देखते हैं, किस पोस्ट को लाइक या शेयर करते हैं और किसे स्किप कर देते हैं, यह सब डेटा रिकॉर्ड होता है। इसी आधार पर अगली बार आपकी स्क्रीन पर मिलने वाला कंटेंट चुना जाता है।
अगर आप बार-बार क्रिकेट या टेक से जुड़े वीडियो देखते हैं, तो उसी कैटेगरी की पोस्ट्स आपकी फीड में ऊपर दिखने लगती हैं। धीरे-धीरे एल्गोरिदम आपकी पसंद को पहचान लेता है और उसी तरह की कंटेंट चेन बनाता है, जिससे आपकी फीड ज्यादा आकर्षक और आदत जैसी बन जाती है।

हर प्लेटफॉर्म का एल्गोरिदम अलग क्यों?
हर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का एल्गोरिदम अपने उद्देश्य के हिसाब से काम करता है। Instagram और Facebook ज्यादा एंगेजमेंट पर ध्यान देते हैं, यानी लाइक, कमेंट और शेयर। YouTube के लिए वॉच टाइम सबसे अहम फैक्टर है, जिससे तय होता है कि वीडियो आगे कितने लोगों को सुझाया जाएगा।
LinkedIn पर क्वालिटी और प्रोफेशनल वैल्यू को प्राथमिकता दी जाती है, जबकि X आपकी भाषा, लोकेशन और एक्टिविटी को देखकर पोस्ट्स को रैंक करता है। इसी वजह से एक ही कंटेंट अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर अलग तरह से परफॉर्म करता है।
एल्गोरिदम बदला जा सकता है?
एल्गोरिदम आपकी आदतों से सीखता है, इसलिए आपकी आदतें बदलने से फीड भी बदल सकती है। जिन पोस्ट्स में दिलचस्पी नहीं है, उन्हें स्किप करना, अनचाहे अकाउंट्स को अनफॉलो करना और पसंदीदा कंटेंट के साथ ज्यादा इंटरैक्ट करना एल्गोरिदम को नए संकेत देता है।
कुछ दिनों में ही इसका असर दिखने लगता है और आपकी फीड ज्यादा संतुलित महसूस होती है। यानी यूज़र पूरी तरह कंट्रोल में भले न हो, लेकिन एल्गोरिदम की दिशा तय करने में उसकी भूमिका अहम रहती है।













