तेज रफ्तार कार ने 9 साल की बच्ची को कुचला, ढाबे पर सामान लेने गई थी मासूम जान

तेज रफ्तार कार ने 9 साल की बच्ची को कुचला, ढाबे पर सामान लेने गई थी मासूम जान
AI IMAGE

चांडी गांव में तेज रफ्तार और नशे में चल रही कार ने तीन लोगों को चपेट में लिया। हादसे में एक बच्ची की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए। गुस्साए ग्रामीणों ने चालक को पकड़ लिया। पुलिस जांच कर रही है।

Rajasthan: डीडवाना-कुचामन जिले के मकराना उपखंड के चांडी गांव में सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार से आ रही स्विफ्ट कार ने सड़क किनारे खड़े तीन लोगों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

इस हादसे में 9 साल की मासूम बच्ची तनूजा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत कुचामन के राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

150 फीट तक घसीटती ले गई कार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार बेहद तेज थी और चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया था। टक्कर के बाद कार बच्ची तनूजा को करीब 150 फीट तक घसीटती चली गई।

कार ने वहां खड़े दो अन्य लोगों को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के दौरान सड़क किनारे खड़ी दो बाइक भी कार से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे की भयावहता देखकर आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए।

10 मिनट पहले ही घर छोड़कर गए थे ताऊ

जानकारी के अनुसार, तनूजा कक्षा 3 की छात्रा थी और कुछ दिन पहले ही अपने ननिहाल आई थी। हादसे से महज 10 मिनट पहले उसके ताऊ उसे घर छोड़कर गए थे।

तनूजा सड़क किनारे स्थित एक ढाबे पर सामान लेने आई थी। उसी दौरान बेकाबू कार ने उसे कुचल दिया। मासूम की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। बताया गया कि मृतका के पिता रोज़गार के सिलसिले में गल्फ देश में मजदूरी करते हैं।

नशे में था कार चालक

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार चालक शराब के नशे में था और गाड़ी तेज गति से चला रहा था। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया।

ग्रामीणों ने मौके पर ही चालक को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर मकराना थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर कार को जब्त कर लिया है।

शव को मॉर्च्युरी में रखवाया

पुलिस ने मृतका के शव को डीडवाना जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। मंगलवार सुबह पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और नशे में वाहन चलाना हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a comment