रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए त्रिकोणीय टी20 सीरीज 2025 के पांचवें मुकाबले में श्रीलंका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिम्बाब्वे को 9 विकेट से करारी शिकस्त दी। इस जीत के हीरो रहे सलामी बल्लेबाज पथुम निसांका, जिन्होंने नाबाद 98 रन की तूफानी पारी खेलकर गेंदबाजों के होश उड़ा दिए।
स्पोर्ट्स न्यूज़: श्रीलंका ने जिम्बाब्वे के खिलाफ रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए त्रिकोणीय टी20 सीरीज 2025 के पांचवें मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए 9 विकेट से जीत दर्ज की। यह इस सीरीज में श्रीलंका की पहली जीत रही, इससे पहले उसे जिम्बाब्वे और पाकिस्तान से हार का सामना करना पड़ा था। मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे की टीम ने निर्धारित ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 146 रन बनाए।
जिम्बाब्वे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बनाए 146 रन
मुकाबले में टॉस जीतकर जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। हालांकि टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। महज 17 रन के स्कोर पर जिम्बाब्वे ने अपने दो अहम विकेट गंवा दिए, जिससे दबाव तुरंत बन गया। इसके बाद ब्रायन बेनेट और ब्रेंडन टेलर ने तीसरे विकेट के लिए 36 रनों की अहम साझेदारी कर पारी को संभालने की कोशिश की। ब्रेंडन टेलर 16 गेंदों में 14 रन बनाकर आउट हुए। टेलर के आउट होने के बाद बेनेट ने कप्तान सिकंदर रजा के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 36 रनों की साझेदारी की और स्कोर को सम्मानजनक स्थिति तक पहुँचाया।

सलामी बल्लेबाज ब्रायन बेनेट ने 26 गेंदों में 34 रन की संयमित पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 1 छक्का शामिल था। वहीं कप्तान सिकंदर रजा ने 29 गेंदों में 37 रन बनाए। मध्यक्रम में रयान बर्ल ने भी उपयोगी योगदान देते हुए 37 रन जोड़े, जिससे जिम्बाब्वे का स्कोर 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 146 रन तक पहुँच सका।
श्रीलंका की ओर से गेंदबाजी में वानिंदु हसरंगा और महेश दीक्षाना ने शानदार प्रदर्शन किया और दोनों ने 2-2 विकेट हासिल किए। इसके अलावा कप्तान दासुन शनाका को भी 1 सफलता मिली। श्रीलंकाई गेंदबाजों ने पूरे मैच में कसी हुई लाइन और लेंथ से जिम्बाब्वे के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया।
श्रीलंका की तूफानी शुरुआत, निसांका का जलवा
147 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की टीम ने शुरुआत से ही आक्रमक रुख अपनाया। पथुम निसांका और कामिल मिसारा की सलामी जोड़ी ने तेज तर्रार अंदाज़ में स्कोरबोर्ड चलाया। दोनों ने सिर्फ 5.4 ओवरों में 59 रन जोड़ दिए और मैच पर पूरी तरह नियंत्रण बना लिया। कामिल मिसारा 12 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन इसके बाद निसांका ने मोर्चा संभाले रखा। उनके साथ कुसल मेंडिस ने दूसरे विकेट के लिए 89 रनों की मजबूत साझेदारी की और जिम्बाब्वे के गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया।

पथुम निसांका ने टी20 क्रिकेट की बेहतरीन पारियों में से एक खेलते हुए 58 गेंदों में नाबाद 98 रन बनाए। उनकी पारी में 11 चौके और 4 शानदार छक्के शामिल रहे। उन्होंने पूरे संयम के साथ आक्रमक बल्लेबाजी की और मैच को एकतरफा बना दिया। वहीं कुसल मेंडिस ने 25 रन बनाकर उनका अच्छा साथ निभाया।
श्रीलंका ने यह लक्ष्य महज 16.2 ओवरों में हासिल कर लिया और मुकाबला 9 विकेट से अपने नाम कर लिया। जिम्बाब्वे की तरफ से एकमात्र सफलता ब्रैड इवांस को मिली, लेकिन वह टीम को हार से नहीं बचा सके।











